shiv-shakti-dham-dariyapur-pran-pratishtha-shivling-sthapana-sultanpur

शिवशक्ति धाम दरियापुर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा एवं शिवलिंग स्थापना समारोह सम्पन्न, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह रहे मुख्य अतिथि

सुलतानपुर। नगर के दरियापुर स्थित प्राचीन शिवशक्ति धाम में बुधवार को आयोजित मूर्ति स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा एवं शिवलिंग स्थापना समारोह श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ। पूरे दिन चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव, मां दुर्गा, श्रीगणेश एवं संकटमोचन हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, हवन एवं आरती के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी राजघराने के सदस्य डॉ. संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वैदिक विधि-विधान के साथ शिवलिंग की स्थापना कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

शिवशक्ति धाम परिसर में भगवान श्री गणेश, भगवान भोलेनाथ, मां शिवशक्ति (दुर्गा) तथा संकटमोचन हनुमान जी की प्रतिमाओं की विधिवत स्थापना की गई। प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दौरान विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार किया गया, जिसके बीच श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे मूर्ति स्थापना एवं पूजन के साथ हुई। इसके बाद दोपहर 3 बजे हवन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। शाम 4 बजे से विशाल महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मुख्य अतिथि डॉ. संजय सिंह ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण समाज को एकजुट रखने का कार्य करता है। उन्होंने शिवशक्ति धाम को भव्य स्वरूप प्रदान करने तथा इसके पुनरुद्धार के लिए क्षेत्रवासियों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, पूर्व विधायक अनूप सांडा, पूर्व जिला अध्यक्ष छंगु सिंह सहित समेत अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने कहा कि शिवशक्ति धाम में आयोजित यह धार्मिक आयोजन पूरे नगर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने भगवान शिव एवं माता पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।

वहीं पूर्व विधायक अनूप सांडा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सहभागिता की तथा श्रद्धालुओं से भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

मां वैष्णो पूजा समिति दरियापुर की तरफ से आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और देर शाम तक भक्तों की भीड़ बनी रही। सूरज टाकीज के पीछे स्थित शिवशक्ति धाम में आयोजित इस भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह ने पूरे क्षेत्र को धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi