सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय भले ही बाकी हो, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने सुलतानपुर जिले की महत्वपूर्ण 187 इसौली विधानसभा सीट पर अपनी चुनावी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर द्वारा जारी चुनाव प्रभारियों की सूची में क्षेत्र के चर्चित नेता और ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह को इसौली विधानसभा क्षेत्र का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं मनोज शर्मा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा है। खास बात यह है कि कुछ दिन पूर्व ही सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने सार्वजनिक रूप से शिव कुमार सिंह को इसौली विधानसभा सीट से पार्टी का संभावित उम्मीदवार घोषित किया था। अब उन्हें चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी देकर पार्टी नेतृत्व ने यह स्पष्ट संकेत दे दिया है कि इसौली सीट उसके चुनावी एजेंडे में शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
संगठन और जनाधार के दम पर मिला बड़ा दायित्व
शिव कुमार सिंह लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। सुभासपा का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सकेगा और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में इसौली विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बूथ कमेटियों के गठन, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही चुनावी रणनीति को लेकर भी लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी।
सूची जारी होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह
चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति की घोषणा के बाद सुभासपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन अब जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम करेगा। कार्यकर्ताओं को गांव स्तर तक सक्रिय कर चुनावी माहौल तैयार करने की योजना बनाई जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह से भी जुड़ रहा राजनीतिक समीकरण
इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा इसलिए भी तेज हो गई है क्योंकि शिव कुमार सिंह की पत्नी श्रीमती ऊषा सिंह वर्तमान में सुलतानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। जिले की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाले इस परिवार की सक्रियता पहले से ही चर्चा का विषय रही है। ऐसे में शिव कुमार सिंह को मिली नई जिम्मेदारी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सुभासपा इसौली सीट पर अपनी रणनीति को सफलतापूर्वक लागू करती है तो क्षेत्र की चुनावी तस्वीर में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल पार्टी ने चुनावी तैयारियों का बिगुल बजा दिया है और आने वाले समय में इसौली विधानसभा क्षेत्र की राजनीति और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJune 1, 2026सुलतानपुर सदर को मिली 24 करोड़ की बड़ी सौगात, जाफरपुर में बनेगा अत्याधुनिक मॉडल कम्पोजिट विद्यालय
BALDIRAIJune 1, 2026बल्दीराय पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा प्रहार, दो डंपर और एक जेसीबी मशीन सीज
Breaking NewsJune 1, 2026इसौली में 2027 की चुनावी बिसात बिछाने में जुटी सुभासपा, शिव कुमार सिंह को बनाया चुनाव प्रभारी
Breaking NewsJune 1, 2026फरियादी पिता को देख एसपी चारू निगम ने रुकवाया काफिला, सुनी पीड़ा, गोसाईंगंज प्रकरण की मांगी रिपोर्ट
