shastri-nagar-pond-redevelopment-project-launched-in-sultanpur-at-cost-of-60-lakh

60 लाख की लागत से होगा शास्त्रीनगर तालाब का कायाकल्प, पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने किया शुभारंभ

सुलतानपुर। नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा वार्ड शास्त्रीनगर स्थित भोले बाबा मंदिर एवं पुलिस चौकी के निकट स्थित प्राचीन तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। लगभग 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस परियोजना का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह तालाब लंबे समय से जर्जर एवं उपेक्षित अवस्था में था। पूर्व सांसद मेनका संजय गांधी तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा इसे सरोवर एवं पार्क के रूप में विकसित करने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने इसके व्यापक पुनर्विकास की योजना तैयार की है।

उन्होंने बताया कि 30×30 मीटर के तालाब को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए चारों ओर कोटा स्टोन की पक्की सीढ़ियां, आरसीसी स्लैब पर ग्रेनाइट युक्त 10 बेंच, बाउंड्रीवाल, आकर्षक फाउंटेन, उद्यान एवं पौधरोपण, दो मीटर चौड़ा इंटरलॉकिंग पाथवे, सबमर्सिबल पंप, लोहे का मुख्य द्वार तथा हाईमास्ट लाइट सहित अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पालिकाध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि तालाब परिसर में पेडस्टल का निर्माण कर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा भी स्थापित कराई जाएगी।

मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की मांग पर उन्होंने भी इस तालाब को सरोवर एवं पार्क के रूप में विकसित करने का अनुरोध किया था। उन्होंने नगर पालिका द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वर्षाजल संचयन और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद रेनू सिंह एवं अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सहायक अभियंता संतोष कुमार सहित नगर पालिका के अधिकारी, सभासदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi