saraswati-vidya-mandir-kadipur-annual-action-plan-2026-review-meeting

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कादीपुर में वार्षिक कार्ययोजना 2026 की समीक्षा बैठक संपन्न, विद्यालय के समग्र विकास पर हुआ मंथन

सुलतानपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झारखंड, कादीपुर, सुलतानपुर में शैक्षिक सत्र 2026 की पूर्व निर्धारित वार्षिक कार्ययोजना का वाचन एवं समीक्षा बैठक शुक्रवार को विद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र की योजनाओं को सुव्यवस्थित ढंग से लागू करना, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना तथा विद्यालय के शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक विकास की दिशा तय करना रहा।

विद्यालय प्रशासन द्वारा मार्च 2026 में तैयार की गई वार्षिक कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने अपने-अपने विभागों की कार्ययोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान आगामी सत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और संस्कारयुक्त वातावरण के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सर्व व्यवस्था प्रमुख श्री कृष्ण देव सिंह ने विद्यालय की संपूर्ण वार्षिक कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण करते हुए आगामी सत्र के लिए निर्धारित लक्ष्यों, कार्यक्रमों और कार्यान्वयन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। वहीं शैक्षणिक प्रमुख श्री अमित त्रिपाठी ने शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा व्यवस्था, परिणाम सुधार, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़ी योजनाओं का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अवधेश कुमार मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों एवं आचार्यों से समयबद्ध, उत्तरदायी एवं परिणामोन्मुख कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्रगति केवल सामूहिक प्रयास, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और संस्कारयुक्त वातावरण से ही संभव है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय की वार्षिक कार्ययोजना केवल एक दस्तावेज नहीं बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ठोस मार्गदर्शक है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी वार्षिक कार्ययोजनाओं का वाचन किया गया। इनमें वंदना, चिकित्सा, खोया-पाया, अनुशासन, भोजन, संगीत, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, ध्वनि विस्तारक, रसायन विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, प्रतियोगिता, नैतिक एवं आध्यात्मिक, पूर्व छात्र परिषद, परीक्षा एवं मूल्यांकन, गणित परिषद, वाहन, छात्र सांसद कन्या भारती, अटल टिंकरिंग लैब, अतिथि, शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद, कंप्यूटर, उपस्कर एवं परिष्कर, अंग्रेजी, स्वच्छता, भवन, हिंदी, छात्र सांसद बल भारती, संस्कृत, पुस्तकालय, पर्यावरण, सामाजिक समरसता एवं क्रिया शोध विभागों की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी विभाग प्रमुखों ने विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि विद्यालय की वार्षिक कार्ययोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक, नैतिक एवं शारीरिक विकास को प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi