सुलतानपुर। तहसील क्षेत्र के समरथपुर स्थित प्राचीन शिवाला परिसर में शनिवार को आयोजित भव्य धार्मिक अनुष्ठान और विशाल भंडारे ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबे हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर नजर आया। श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का यह अनूठा आयोजन देर रात तक चलता रहा, जिसमें क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आयोजन के मुख्य संयोजक पवन यादव (मित्ते) के नेतृत्व में भगवान शिव की आराधना के लिए सवा ग्यारह घंटे तक लगातार “ॐ नमः शिवाय” का अखंड जाप किया गया। अखंड जाप के दौरान शिवभक्त पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते रहे। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया तथा महाआरती के दौरान पूरा शिवाला परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
महाआरती के उपरांत शुरू हुए विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। देर रात तक चले इस भंडारे में सेवा और सहयोग की भावना भी देखने को मिली। आयोजन स्थल पर व्यवस्था इतनी सुव्यवस्थित रही कि हजारों श्रद्धालुओं के बावजूद कहीं कोई अव्यवस्था नहीं दिखाई दी।
धार्मिक आयोजन की एक विशेष आकर्षण प्रसिद्ध लोकगायक राज सुल्तानपुरी एवं उनकी टीम की शिव भजन संध्या रही। उन्होंने अपने मधुर स्वरों में एक से बढ़कर एक शिव भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। भजन संध्या के दौरान पूरा परिसर भगवान शिव की भक्ति में डूबा दिखाई दिया और हर ओर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार महसूस किया गया।
आयोजक पवन यादव (मित्ते) ने बताया कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा, क्षेत्रवासियों के सहयोग और श्रद्धालुओं के प्रेम के कारण यह धार्मिक आयोजन पूरी श्रद्धा, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजेश तिवारी, संतोष कुमार तिवारी, सचिन यादव, राजेश तिवारी गुरुजी, दिलीप यादव, भीम यादव, अशोक यादव, विकास यादव, धर्मेंद्र यादव, गुलशन, स्वामीनाथ यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिसने आयोजन को और अधिक भव्यता प्रदान की।
Author Profile

Latest entries
BALDIRAIJune 13, 2026समरथपुर शिवाला में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, सवा ग्यारह घंटे के अखंड जाप के बाद विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ACADEMICJune 13, 2026सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज में जनरल सर्जरी विभाग का वीकली अकैडमिक सेशन संपन्न, सर्जिकल विषयों पर हुई गहन चर्चा
ENTERTAINMENTJune 13, 2026सुलतानपुर में फिल्म प्रेमियों के लिए खास मौका, लेखक सचिन सिंह के साथ देखिए कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’
BALDIRAIJune 13, 2026बाबा जंगली नाथन धाम में सजी जनचौपाल, MLC शैलेंद्र प्रताप सिंह ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
