samajwadi-party-youth-brigade-submits-memorandum-against-inflation-neet-paper-leak-sultanpur

महंगाई, बिजली कटौती और NEET पेपर लीक के खिलाफ सपा यूथ ब्रिगेड का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

सुलतानपुर। समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि, अघोषित विद्युत कटौती, गैस वितरण में कथित कालाबाजारी तथा NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी सुलतानपुर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद सुलतानपुर यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष मो. शहजाद अहमद ने किया। बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जनहित एवं छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।

ज्ञापन के माध्यम से सपा यूथ ब्रिगेड ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई की मार झेल रही है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की कीमतों में हुई वृद्धि ने आम लोगों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। वहीं दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बिजली संकट के कारण अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सपा नेताओं ने गैस वितरण व्यवस्था में कालाबाजारी और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा NEET परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूथ ब्रिगेड नेताओं ने कहा कि युवाओं की मेहनत और सपनों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार को छात्रों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं के प्रति गंभीर होना चाहिए तथा पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष मो. शहजाद अहमद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता और युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव सनी यादव ने सभी कार्यकर्ताओं और युवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित और छात्रहित के मुद्दों पर संगठन का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।

सपा यूथ ब्रिगेड ने स्पष्ट किया कि यदि जनता और युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi