ram-prakash-mishra-dadhichi-exclusive-interview-lambhua-political-change-sultanpur

“लम्भुआ का महापरिवर्तन अब तय है” — राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ से खास बातचीत

सुलतानपुर। लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र की राजनीति इन दिनों एक नए मोड़ पर खड़ी दिखाई दे रही है। वर्षों से चली आ रही पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था के बीच क्षेत्र में बदलाव की चाहत अब खुलकर सामने आने लगी है। इसी बदलते माहौल में समाजसेवी और दधीचि फाउंडेशन के संस्थापक राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ एक मजबूत और प्रभावशाली जननेता के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। जनसेवा, सामाजिक सरोकार और क्षेत्रीय विकास को लेकर उनकी सक्रियता ने लाखों लोगों के बीच विश्वास की नई उम्मीद जगाई है। यही वजह है कि लम्भुआ की राजनीतिक आबोहवा में उनके नाम की चर्चा लगातार बढ़ रही है और जनता उन्हें एक ऐसे नेतृत्व के रूप में देख रही है जो केवल वादों तक सीमित न रहकर विकास को धरातल पर उतारने की क्षमता रखता हो।

इन्हीं मुद्दों को लेकर माईनेशन न्यूज़ के सुलतानपुर ब्यूरो प्रमुख सुयश चित्रांशी ने राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ से विशेष बातचीत की। इस विस्तृत साक्षात्कार में उन्होंने राजनीति में आने के उद्देश्य, लम्भुआ के लिए अपने विकास विजन, भाजपा से जुड़ाव, जातीय राजनीति पर अपने विचार और क्षेत्र की जनता के लिए भविष्य की योजनाओं को लेकर बेबाकी से अपनी बात रखी।

प्रश्न : सबसे पहले अपने बारे में बताइए। राजनीति में आने का विचार कैसे आया?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : मैं लम्भुआ की मिट्टी का बेटा हूं और पिछले करीब दो दशकों से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हूं। दधीचि फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार काम किया है। राजनीति मेरे लिए कोई व्यवसाय नहीं, बल्कि जनसेवा का एक बड़ा माध्यम है। जब मैंने देखा कि वर्षों से लम्भुआ विकास के मामले में पिछड़ता जा रहा है और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तब मैंने बदलाव की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।

प्रश्न : आज की राजनीति में चुनावों पर बहुत पैसा खर्च होता है। लोग बाद में उसकी भरपाई भी करते हैं। आप इसे कैसे देखते हैं?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : यही सोच राजनीति और लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा अभिशाप है। जो लोग राजनीति को निवेश मानते हैं, वे सत्ता में आने के बाद जनता की कीमत पर लाभ कमाने की कोशिश करते हैं। मेरा उद्देश्य राजनीति से कमाई करना नहीं, बल्कि अपना सर्वस्व समाज को समर्पित करना है। दधीचि फाउंडेशन के माध्यम से हम चुनाव से पहले ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।

प्रश्न : आपका निवास दूसरे विधानसभा क्षेत्र में है, फिर आपने लम्भुआ को ही अपनी कर्मभूमि क्यों चुना?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : मेरे लिए क्षेत्रवाद से ऊपर जनसेवा है। लम्भुआ से मेरा भावनात्मक, पारिवारिक और आध्यात्मिक जुड़ाव है। मैं मानता हूं कि किसी क्षेत्र को केवल स्थानीय प्रतिनिधि नहीं, बल्कि ऐसा नेतृत्व चाहिए जिसकी पहुंच शासन और प्रशासन के उच्च स्तर तक हो। मेरा प्रयास रहेगा कि लम्भुआ की कोई भी फाइल लखनऊ या दिल्ली के गलियारों में अटके नहीं। लम्भुआ का पूर्ण कायाकल्प ही मेरा लक्ष्य है।

प्रश्न : लम्भुआ के विकास को लेकर आपका विजन क्या है?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : मेरा लक्ष्य केवल छोटे-मोटे काम कराना नहीं, बल्कि लम्भुआ का संपूर्ण कायाकल्प करना है। इसके लिए मैंने पांच प्रमुख संकल्प तय किए हैं—
1. पढ़ाई: आधुनिक और डिजिटल शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों में एआई लैब और नवाचार केंद्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और छात्रवृत्ति
2. कमाई: युवाओं को कौशल आधारित रोजगार, रोजगार परामर्श और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम, योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर
3. दवाई: सीएचसी और पीएचसी में डॉक्टरों की उपलब्धता, आधुनिक जांच सुविधाएं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
4. सिंचाई: किसानों को खाद, बीज और बिजली की आसान उपलब्धता, फसल बीमा और आपदा सहायता, कृषि को लाभकारी बनाना
5. सुनवाई: प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान, हेल्पलाइन और जनसुनवाई व्यवस्था, गरीब और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाना

प्रश्न : आपने P.R.A.K.A.S.H. विजन की भी बात की है। यह क्या है?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : यह लम्भुआ के विकास का व्यापक रोडमैप है।
P – पर्यटन : धोपाप धाम को राष्ट्रीय स्तर का धार्मिक और पर्यटन केंद्र बनाना।
R – रोजगार : युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ना।
A – औद्योगिक विकास : निवेश लाकर उद्योगों की स्थापना करना और रोजगार बढ़ाना।
K – कृषि : किसानों को आधुनिक खेती, जैविक कृषि और बेहतर बाजार उपलब्ध कराना।
A – आधारभूत सुविधाएं : सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाना।
S – सरल सरोकार : भ्रष्टाचार और बिचौलिया संस्कृति खत्म कर जनता को सीधी सुविधा देना।
H – हमेशा हर कदम : जनता के सुख-दुख में 24 घंटे साथ रहना।

प्रश्न : आपने भाजपा का साथ क्यों चुना? क्या आपका विजन भाजपा में रहते हुए पूरा हो सकता है?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : भाजपा की ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच और मेरी जनसेवा की प्रतिबद्धता एक-दूसरे की पूरक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास और सुशासन की जो नीति चल रही है, उससे प्रेरित होकर मैं काम कर रहा हूं। मेरा मानना है कि भाजपा विकासवादी सोच को शक्ति देती है और लम्भुआ में बड़े बदलाव का रास्ता खोल सकती है।

प्रश्न : राजनीति में आपके आदर्श कौन हैं?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : आध्यात्मिक रूप से मैं महर्षि दधीचि से प्रेरणा लेता हूं, जिन्होंने लोककल्याण के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। प्रशासनिक दृष्टि से सरदार वल्लभभाई पटेल मेरे आदर्श हैं। समकालीन राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली और कानून व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता मुझे प्रभावित करती है।

प्रश्न : जातीय राजनीति पर आपका क्या नजरिया है?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : जातिवादी राजनीति समाज को कमजोर करती है। मेरे लिए सबसे बड़ी पहचान लम्भुआ का विकास और जनता का सम्मान है। दधीचि फाउंडेशन ने कभी किसी की मदद करते समय उसकी जाति या धर्म नहीं पूछा। मेरा उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है।

प्रश्न : अपने समर्थकों और लम्भुआ की जनता के लिए आपका क्या संदेश है?
राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ : मैं लम्भुआ की जनता से कहना चाहता हूं कि अब उपेक्षा और लाचारी का दौर समाप्त होना चाहिए। यह लड़ाई केवल एक चुनाव की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो लम्भुआ को विकास, सम्मान और समृद्धि की नई पहचान दिलाने का हर संभव प्रयास करूंगा।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi