सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार भोर में हुए भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों में दहशत फैला दी। एक्सप्रेस-वे के पैकेज-2 स्थित किलोमीटर 78.7 के पास एक जनरथ बस और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के बीच हुई टक्कर में कुल 9 लोग घायल हो गए। इनमें स्कॉर्पियो सवार 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, जनरथ बस आजमगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने आगे चल रहे एक अज्ञात ट्राला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय बस चालक अवनीश पांडे वाहन चला रहे थे और बस में करीब 33 यात्री सवार थे। पहली टक्कर में बस में बैठे तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
हादसे के बाद चालक और परिचालक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे थे। बस एक्सप्रेस-वे की ओवरटेक लाइन में खड़ी थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे खड़ी बस में जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कॉर्पियो सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कॉर्पियो चालक की पहचान आशीष कुमार पांडे के रूप में हुई है। वाहन में सूर्य प्रकाश, प्रतिमा सिंह, हर्षित प्रकाश, हेमंत सिंह, हार्दिक सिंह और हर्षल प्रकाश समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी बिहार के Buxar जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित 100 बेड अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्कॉर्पियो में सवार छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वहीं, बस में घायल हुए तीन यात्रियों का उपचार करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच प्रशासन ने वाहन चालकों से सतर्कता और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
Author Profile

Latest entries
LAMBHUAMay 9, 2026सुलतानपुर में अर्पित हत्याकांड का खुलासा, कुकर्म के विरोध पर छात्र की हत्या
ACADEMICMay 9, 2026सनबीम स्कूल सुलतानपुर में विशेष संवाद सत्र आयोजित, प्रिंसिपल और कोऑर्डिनेटर्स ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
JAISINGHPURMay 9, 2026सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, बस और स्कॉर्पियो की टक्कर में 9 घायल; 6 की हालत गंभीर
SULTANPURMay 9, 2026Census 2027: डीएम इंद्रजीत सिंह ने स्वयं अपने परिवार की ऑनलाइन फीडिंग कर जनगणना-2027 का किया शुभारंभ
