सुलतानपुर। जनगणना-2027 (Census 2027) के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत बुधवार से पूरे जनपद में हो गई। इस अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने अपने आवास की ऑनलाइन फीडिंग स्वयं कर जनपद में जनगणना अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई यह डिजिटल व्यवस्था 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपने घर और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होगी तथा लोगों को बार-बार जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी परिवार स्वयं जनगणना पोर्टल पर जाकर अपनी सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिकों को वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा, जिसके बाद घर, परिवार, सुविधाओं एवं संपत्तियों से संबंधित जानकारी भरनी होगी। सफल फॉर्म सबमिट होने पर एक Self Enumeration ID (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब जनगणना अधिकारी अथवा प्रगणक घर पहुंचे तो नागरिक केवल अपना SE ID दिखाएं, जिससे दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने प्रगणकों एवं जनगणना कार्मिकों का सम्मान एवं सहयोग करने की भी अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा भविष्य की नीतियों का आधार होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन की ओर से जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें।
Author Profile

Latest entries
LAMBHUAMay 9, 2026सुलतानपुर में अर्पित हत्याकांड का खुलासा, कुकर्म के विरोध पर छात्र की हत्या
ACADEMICMay 9, 2026सनबीम स्कूल सुलतानपुर में विशेष संवाद सत्र आयोजित, प्रिंसिपल और कोऑर्डिनेटर्स ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
JAISINGHPURMay 9, 2026सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, बस और स्कॉर्पियो की टक्कर में 9 घायल; 6 की हालत गंभीर
SULTANPURMay 9, 2026Census 2027: डीएम इंद्रजीत सिंह ने स्वयं अपने परिवार की ऑनलाइन फीडिंग कर जनगणना-2027 का किया शुभारंभ
