सुलतानपुर। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए सुलतानपुर से भाजपा विधायक विनोद सिंह के कथित बयान को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच अब उनके पुत्र पुलकित सिंह खुलकर अपने पिता के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया है कि विधायक के बयान को विपक्षी दलों द्वारा संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया गया और इसे अनावश्यक रूप से राजनीतिक मुद्दा बनाया गया।
गौरतलब है कि विधायक विनोद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित रूप से यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जो ग्राम प्रधान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विरोध करेंगे, उनके खिलाफ इतनी जांच कराई जाएगी कि उनका जीना मुश्किल हो जाएगा। इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अनूप सांडा सहित कई विपक्षी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और विधायक से प्रदेश के सभी ग्राम प्रधानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी।
इसी विवाद के बीच पुलकित सिंह ने सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके पिता का एक वीडियो लगातार प्रसारित किया जा रहा है, लेकिन वीडियो के पूरे संदर्भ को नजरअंदाज कर केवल कुछ अंशों को वायरल किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि लोग पूरा वीडियो देखें तो स्पष्ट हो जाएगा कि विधायक की टिप्पणी सभी ग्राम प्रधानों के लिए नहीं थी, बल्कि उन प्रधानों के लिए थी जो विकास कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचा रहे हैं।
“क्षेत्रवासियों की शिकायतों के आधार पर कही गई थी बात”
पुलकित सिंह के अनुसार क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें कई बार ग्रामीणों से शिकायतें मिलीं कि गांवों में छोटी-छोटी विकास परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं। लोगों ने शिकायत की कि कहीं खड़ंजा निर्माण नहीं हो रहा, कहीं नालियों का निर्माण अधूरा पड़ा है और कई स्थानों पर आवास योजनाओं का लाभ केवल कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित रह गया है।
उन्होंने कहा कि शिकायतों की पड़ताल के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए जहां विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे। उनका दावा है कि ऐसे कुछ प्रधान राजनीतिक रूप से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और सरकार तथा जनप्रतिनिधियों की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
“90 प्रतिशत प्रधानों का सम्मान करते हैं विधायक”
पुलकित सिंह ने स्पष्ट किया कि विधायक विनोद सिंह अधिकांश ग्राम प्रधानों का सम्मान करते हैं और उनके साथ मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत प्रधान ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं जो जानबूझकर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक का उद्देश्य किसी प्रधान का अपमान करना नहीं था, बल्कि उन लोगों को चेतावनी देना था जो जनता के हितों की अनदेखी कर रहे हैं और सरकार की योजनाओं को प्रभावित कर रहे हैं।
विपक्ष पर लगाया राजनीतिक लाभ लेने का आरोप
पुलकित सिंह ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए उछाल रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे भ्रामक प्रचार से बचें और विकास कार्यों को आधार बनाकर जनप्रतिनिधियों का मूल्यांकन करें। उन्होंने कहा कि विधायक विनोद सिंह वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए कई वादों को पूरा कर चुके हैं और आने वाले समय में भी सुलतानपुर विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJune 16, 2026सुलतानपुर में सातवें बड़े मंगल पर भक्ति का सागर उमड़ा, सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
BALDIRAIJune 16, 2026देहली बाजार में बड़े मंगल पर उमड़ी आस्था की भीड़, भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय ने किया प्रसाद वितरण
BALDIRAIJune 16, 2026CHC डॉक्टर की कथित जातिगत टिप्पणी पर बढ़ा विवाद, BJP नेता ने डिप्टी सीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग
ACADEMICJune 16, 2026स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का सफल आयोजन
