malhipur-jan-chaupal-lambhua-sultanpur-public-hearing-development-program

मल्हीपुर में आयोजित जन चौपाल में गूंजी ग्रामीणों की आवाज, अधिकारियों को मौके पर दिए गए समाधान के निर्देश

सुलतानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले की लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा मल्हीपुर में भव्य जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में उपस्थित सम्मानित नागरिकों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं की जनसुनवाई की गई और कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई गई। अधिकारियों ने शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। जन चौपाल के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था को ग्रामीणों ने सराहा।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) लंभुआ, क्षेत्राधिकारी (सीओ) लंभुआ, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) लंभुआ, संबंधित थाना अध्यक्ष, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ मंडल प्रभारी आनंद द्विवेदी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी अरुण जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अमित त्यागी, मंडल पदाधिकारीगण तथा क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति देना है। इसी सोच के तहत जन चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi