सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर के लंभुआ क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और कस्बे में चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों की समस्याएं अब खुलकर सामने आने लगी हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजी) ने बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी लंभुआ प्रीति जैन को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
व्यापार मंडल की ओर से यह ज्ञापन वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जयशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें पांच प्रमुख बिंदुओं के माध्यम से क्षेत्र की जनसमस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से कहा गया कि लंभुआ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। खासतौर पर रात्रि के समय लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से आम नागरिकों, व्यापारियों और छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने सरकार की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में 22 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए जब एसडीओ, जेई और लाइनमैन से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, तो कई बार फोन नहीं उठाए जाते, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पाता।
इसके अलावा ज्ञापन में लंभुआ कस्बे में लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नाले की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की गति पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। व्यापार मंडल का कहना है कि नाले के ऊपर ढक्कन बनाकर छोड़ दिया जा रहा है, जिससे जल निकासी प्रभावित होने की आशंका है। यदि समय रहते निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं हुई तो जलभराव, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जयशंकर त्रिपाठी ने कहा कि ये मुद्दे सीधे तौर पर आम जनता और व्यापारियों के दैनिक जीवन से जुड़े हुए हैं, इसलिए इनका त्वरित समाधान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के बारे में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी।
उपजिलाधिकारी कार्यालय द्वारा ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किए जाने की बात कही गई है।
इस अवसर पर सुशील बरनवाल, सदासुख अग्रहरि एवं राकेश कसौधन सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। अब लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है कि इन समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
