lal-bihari-yadav-grand-welcome-lambhua-sultanpur-sp-workers-bjp-targeted

लम्भुआ में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव का भव्य स्वागत, भाजपा और ओमप्रकाश राजभर पर साधा निशाना

सुलतानपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव का लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे लाल बिहारी यादव का लम्भुआ क्षेत्र के डकाही बाईपास पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन कर स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर लाल बिहारी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की राजनीति, भाजपा सरकार और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए।

मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर कि ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी फूट पड़ने की बात कही है, नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने इसे पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों का कोई महत्व नहीं है और जनता ऐसे राजनीतिक बयानों को गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है और कार्यकर्ता मजबूती के साथ संगठन को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं।

लाल बिहारी यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने बिहार की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता के लिए भाजपा ने राजनीतिक समीकरणों को अपने अनुसार बदला है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है, जबकि किसान, युवा और बेरोजगार वर्ग आज भी अपनी समस्याओं से जूझ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए देशभर से लोगों ने श्रद्धा के साथ सहयोग दिया, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर लाल बिहारी यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, व्यापारी और आम नागरिक वर्तमान परिस्थितियों से असंतुष्ट हैं और आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देकर नई सरकार बनाने का काम करेंगे।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठा रही है और यही कारण है कि प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक जयसिंहपुर अरुण वर्मा, जिला सचिव परमात्मा यादव, विधानसभा अध्यक्ष सतपाल यादव, अखिलेश यादव, सतीश यादव, सोनू यादव, राजबली यादव उर्फ काका, सुरेंद्र यादव, शिवमोहन यादव, विनोद यादव, हारून, राघवेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi