सुलतानपुर। जिले के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल कोइरीपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर जिला कांग्रेस सेवा दल ने रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बंद हो चुके ठहरावों को पुनः बहाल करने तथा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के नए स्टॉपेज की मांग की है।
शनिवार को कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक एवं अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोइरीपुर रेलवे स्टेशन के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक (उत्तर रेलवे, लखनऊ) को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्रीय जनता की समस्याओं और रेलवे सुविधाओं की आवश्यकता को विस्तार से रखा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि कोइरीपुर रेलवे स्टेशन सुलतानपुर, प्रतापगढ़ और जौनपुर जनपदों की सीमा पर स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है। यह स्टेशन न केवल लाखों यात्रियों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। क्षेत्र राष्ट्रकवि पंडित रामनरेश त्रिपाठी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। इसके अलावा यहां स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल विजेथुआ महाबीरन धाम में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पूर्व में हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस (13049/13050) और वरुणा एक्सप्रेस (24227/24228) जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव कोइरीपुर रेलवे स्टेशन पर हुआ करता था। लेकिन समय के साथ इन ट्रेनों का ठहराव समाप्त कर दिया गया अथवा उनके मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया।इसके चलते स्थानीय यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन यात्रा के लिए लोगों को सुलतानपुर या अन्य दूरस्थ रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है।
कांग्रेस सेवा दल और क्षेत्रीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से कोइरीपुर रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। इनमें प्रमुख रूप से शटल एक्सप्रेस (20401/20402), सद्भावना एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस शामिल हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव कोइरीपुर स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाता है तो क्षेत्र की लाखों आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ज्ञापन में यह भी तर्क दिया गया कि ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे रेलवे विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि स्टेशन की भौगोलिक स्थिति और यात्री संख्या को देखते हुए यहां प्रमुख ट्रेनों का ठहराव पूरी तरह न्यायसंगत और आवश्यक है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
