katka-bazar-road-protest-paddy-plantation-against-potholes-sultanpur

कटका बाजार में सड़क पर धान की बुवाई कर लोगों ने जताया अनोखा विरोध, जर्जर सड़क को लेकर फूटा जनआक्रोश

सुलतानपुर। अयोध्या-प्रयागराज राज्यमार्ग पर स्थित कटका बाजार में जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों से परेशान स्थानीय लोगों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे नागरिकों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर धान की बुवाई कर प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि कटका बाजार की सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं और कई लोग चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि जल्द ही सड़क को गड्ढामुक्त नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल अमित यादव ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे बरसात के मौसम में और अधिक खतरनाक हो जाते हैं। बारिश का पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार वाहन चालक गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं, जिससे गंभीर चोटें भी आई हैं।

स्थानीय व्यापारी अमित सिंह ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर बाजार के कारोबार पर पड़ रहा है। ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की कि कटका बाजार की सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और बाजार की गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो सकें।

सड़क पर धान की बुवाई कर प्रदर्शनकारियों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि अब वह सड़क कम और खेत अधिक दिखाई देने लगी है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए सड़क को शीघ्र गड्ढामुक्त बनाने की मांग उठाई।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi