सुलतानपुर। जनपद में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) ने जिले में चल रही परियोजनाओं की प्रगति को लेकर विस्तृत जानकारी जारी करते हुए बताया कि सुलतानपुर के सैकड़ों गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है और शेष परियोजनाओं को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जल निगम द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जनपद के कुल 1707 राजस्व ग्रामों में से 70 राजस्व ग्राम पहले से निर्मित पेयजल योजनाओं से आच्छादित हैं। शेष 1637 राजस्व ग्रामों को जल जीवन मिशन के तहत शामिल किया गया है, जहां 658 पेयजल योजनाओं के माध्यम से कार्य संचालित किया जा रहा है।
हजारों किलोमीटर पाइपलाइन बिछी, सैकड़ों संरचनाओं का निर्माण
जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। विभाग के अनुसार कुल 765 नलकूप, 765 पंप हाउस, 14,578 किलोमीटर वितरण प्रणाली (पाइपलाइन नेटवर्क) तथा 668 शिरोपरि जलाशय (ओवरहेड टैंक) प्रस्तावित किए गए थे।
इनमें से अब तक 764 नलकूप, 725 पंप हाउस, 14,468 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क तथा 218 शिरोपरि जलाशयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। यह प्रगति जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
283 गांवों में शुरू हुई नियमित जलापूर्ति
जल निगम ने बताया कि 124 पेयजल योजनाओं से जुड़े 283 राजस्व ग्रामों में सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इन गांवों में ओवरहेड टैंकों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही है तथा योजनाओं को संचालन एवं अनुरक्षण (O&M) व्यवस्था में शामिल कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि शेष गांवों में भी कार्य तेजी से प्रगति पर है और चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र परिवारों तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
‘पानी टंकी बनी, लेकिन घरों तक नहीं पहुंचा पानी’ खबर पर विभाग का जवाब
जल निगम (ग्रामीण) ने दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर “पानी टंकी बनी, लेकिन घरों तक नहीं पहुंचा पानी” के संदर्भ में भी अपना पक्ष रखा है। विभाग के अनुसार यह मामला विकासखंड मोतिगरपुर के अंतर्गत बढ़ौनाडीह-शेषपुर पाइप पेयजल योजना से संबंधित है। विभाग ने बताया कि इस योजना में एक नलकूप, एक पंप हाउस, एक बाउंड्रीवाल, एक सोलर सिस्टम, 250 किलोलीटर क्षमता का एक उच्च जलाशय तथा 22.75 किलोमीटर वितरण प्रणाली का निर्माण प्रस्तावित था। साथ ही 641 घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
अधिकांश कार्य पूरे, हाउस कनेक्शन का काम जारी
जल निगम के अनुसार योजना के अंतर्गत नलकूप, पंप हाउस, बाउंड्रीवाल और उच्च जलाशय का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं 22.75 किलोमीटर के सापेक्ष 22.40 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसके अलावा 641 के लक्ष्य के सापेक्ष 187 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। करीब 4.42 करोड़ रुपये (441.90 लाख रुपये) लागत वाली इस योजना में कार्यदायी संस्था को अब तक लगभग 58 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।
20 घरों में पहुंच रहा पानी, सितंबर 2026 तक सभी घरों में आपूर्ति का दावा
विभाग के मुताबिक वर्तमान में उच्च जलाशय के माध्यम से 20 घरों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। शेष परिवारों तक जलापूर्ति शुरू करने के लिए घरेलू नल कनेक्शन देने का कार्य जारी है। जल निगम ने दावा किया है कि सितंबर 2026 तक सभी अवशेष हाउस कनेक्शन पूरे कर दिए जाएंगे, जिसके बाद गांव में नियमित जलापूर्ति प्रारंभ हो जाएगी। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान बनी सड़कों और गड्ढों की मरम्मत का कार्य भी समानांतर रूप से कराया जा रहा है।
शिकायत के लिए जल सारथी ऐप और टोल फ्री नंबर उपलब्ध
जलापूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग ने नागरिकों से ‘जल सारथी ऐप’ का उपयोग करने की अपील की है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभाग का कहना है कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। जल निगम (ग्रामीण) का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जिले में युद्धस्तर पर कार्य जारी है और आने वाले महीनों में हजारों ग्रामीण परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
