gas-cylinder-shortage-road-block-protest-kudwar-sultanpur

सुलतानपुर में गैस सिलेंडर की कमी पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम के बाद अधिकारियों ने किया गोदाम निरीक्षण

सुलतानपुर। कुड़वार कस्बे में गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर शनिवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। लंबे समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने से परेशान लोगों ने सुलतानपुर-हलियापुर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना था कि बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा था, जिसके चलते मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कराया गया, जिससे आवागमन फिर से सामान्य हो सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम उत्तम तिवारी, सीओ नगर सौरभ सामंत और जिलापूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना।

इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने कुड़वार कस्बे स्थित कमला इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस स्टॉक और संबंधित अभिलेखों का मिलान कराया गया, जिसमें रिकॉर्ड सही पाए गए। हालांकि अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि जैसे ही गैस का नया लोड पहुंचे, उपभोक्ताओं के बीच उसका तत्काल और पारदर्शी तरीके से वितरण सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस घटना के बाद क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi