ek-ped-maa-ke-naam-tree-plantation-drive-bhabhot-primary-school-sultanpur

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधरोपण के साथ बच्चों को बांटे गए आम-अमरूद के पौधे

सुलतानपुर। जिले के बिरसिंहपुर पौधशाला के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भाभोट में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, वन विभाग, विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर पौधे लगाए तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार एवं ग्राम प्रधान पप्पू यादव ने पौधरोपण कर लोगों से प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान लोगों को भावनात्मक रूप से प्रकृति से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है।

प्राथमिक विद्यालय भाभोट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में आम पौध भंडारा का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को आम और अमरूद के पौधे वितरित किए गए। विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों तथा ग्रामीणों ने मिलकर गांव में प्रभात फेरी निकाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया।

कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद जायर सहित वन विभाग के अधिकारियों और समस्त रेंज स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। प्रधानाचार्य प्रेमचंद के नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षक आशीष मिश्र, महफूज अहमद, धीरज कुमार सिंह एवं शिवकुमारी मिश्रा ने विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi