dm-sp-meeting-with-traders-on-traffic-and-encroachment-sultanpur

डीएम-एसपी ने व्यापारियों संग की बैठक, ट्रैफिक व्यवस्था और अवैध अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बाजार में शांति, यातायात प्रबंधन और साइबर अपराध से बचाव जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

उच्चाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस और जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अवैध या आपराधिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है और उनके त्वरित निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में मुख्य रूप से शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण का मुद्दा हावी रहा।

एएसपी वृजनारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में वेंडिंग जोन को पूरी तरह से चिन्हित किया जाएगा। इसके लिए अधिशासी अधिकारी (ईओ) के सहयोग से काम शुरू किया जा रहा है। सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले या अतिक्रमण करने वालों को विभागों के आपसी समन्वय और व्यापारी बंधुओं के सहयोग से हटाया जाएगा।

मीडिया द्वारा वेंडिंग जोन को लेकर की जाने वाली सख्ती के बारे में पूछे जाने पर, अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सख्ती का सीधा तात्पर्य नियमों का पालन कराना है। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि वेंडिंग जोन कहाँ से कहाँ तक है, ताकि रेहड़ी-पटरी और छोटे दुकानदार वहीं पर अपनी दुकानें लगाएं।

इस प्रक्रिया में नगर पालिका, पुलिस और संबंधित विभागों का पूरा सहयोग लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों और अवैध रूप से सड़क घेरने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनौतियों का मिलकर सामना करना और व्यापारियों व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सुल्तानपुर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi