सुलतानपुर। जिले के व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित व्यापार बंधु बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों ने जलभराव, अतिक्रमण, सड़क की बदहाल स्थिति, ट्रैफिक जाम, सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं के रोजगार प्रशिक्षण जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्यारेपट्टी में जलभराव और हाईवे पर अंधेरे का मुद्दा उठा
बैठक में व्यापारियों ने प्यारेपट्टी क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या और वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और आम जनता को राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
चौक और नमक मंडी में अतिक्रमण व ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्ती
चौक क्षेत्र में डिवाइडर के समीप अवैध रूप से दुकानें लगाए जाने और नमक मंडी क्षेत्र में भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन की शिकायत भी व्यापारियों ने जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
इस पर डीएम इंद्रजीत सिंह ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ ट्रकों एवं भारी वाहनों के आवागमन के लिए निश्चित समय निर्धारित किया जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुपर मार्केट की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
नगर अध्यक्ष व्यापार मंडल आनंद पाण्डेय तथा सुंदरलाल व्यापारी कल्याण एवं सेवा समिति के प्रतिनिधियों ने सुपर मार्केट परिसर में बढ़ते अतिक्रमण, दुकानों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने तथा बेहतर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुपर मार्केट में तैनात सफाई कर्मियों के दूरभाष नंबर व्यापारियों को उपलब्ध कराने को भी कहा, जिससे सफाई संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके।
महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
बैठक के दौरान महिलाओं द्वारा रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता जताई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि महिलाओं को अधिक से अधिक कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अगली बैठक में डीसी एनआरएलएम, पीओ डूडा और आर-सेटी के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं का व्यापक लाभ दिया जाए।
सड़क और गड्ढों की समस्या पर भी निर्देश
केएनआईटी के पास और कटका बाजार क्षेत्र में सड़क पर बने गहरे गड्ढों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं सूरापुर बाजार में अतिक्रमण और बगिया चौराहे की क्षतिग्रस्त आरसीसी सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर सड़क को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए गए।
अंबेडकर मार्केट और हनुमानगंज बस सेवा का मुद्दा भी उठा
व्यापारी प्रतिनिधि अजमत खान ने जिला पंचायत के सामने स्थित अंबेडकर मार्केट की मरम्मत की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हनुमानगंज बाजार में रोडवेज बसों के प्रवेश न करने की शिकायत पर एआरएम रोडवेज को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
सूरापुर जाम और दोस्तपुर शाही पुल पर बनेगी कार्ययोजना
बैठक में सूरापुर बाजार में लगातार लगने वाले जाम तथा नगर पंचायत दोस्तपुर स्थित ऐतिहासिक शाही पुल की जर्जर स्थिति और यातायात बाधा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन समस्याओं के समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अगली व्यापार बंधु बैठक में प्रस्तुत करें।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी संगठन के पदाधिकारी, उद्यमी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्य करें।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
Breaking NewsJuly 10, 2026सुलतानपुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह ने किया पौधरोपण
Breaking NewsJuly 10, 2026सुलतानपुर: स्कॉर्पियो में नई अवैध पिस्टल चलाते समय चली गोली, आजाद वर्मा की मौत का पुलिस ने किया खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार
