cm-visit-sultanpur-sp-leader-gufran-ahmad-questions-high-alert-school-closure

सीएम योगी के सुलतानपुर दौरे से पहले स्कूल बंद और यातायात प्रतिबंध पर सपा नेता गुफ़रान अहमद ने उठाए सवाल, बोले इससे आम जनता होती है परेशान

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित सुलतानपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन द्वारा कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव, रूट डायवर्जन और कुछ स्थानों पर आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए जाने की तैयारी की गई है। हालांकि इस तरह के बदलाव और प्रतिबंधों को लेकर आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस बात को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता गुफ़रान अहमद ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लागू की जा रही सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रतिबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सीमित समय का है और उन्हें सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय भी नहीं करनी है, तो आम नागरिकों की दैनिक जिंदगी को प्रभावित करने वाले इतने व्यापक प्रतिबंधों की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।

गुफ़रान अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरने वाला है और जनसभा स्थल भी वहां से बेहद कम दूरी पर स्थित है। ऐसे में शहर के कई प्रमुख मार्गों को बंद करने, यातायात डायवर्ट करने और आम लोगों की आवाजाही सीमित करने का औचित्य समझ से परे है। उन्होंने कहा कि अमहट चौराहा, पयागीपुर चौराहा, भुलकी, टेढ़ुई समेत शहर में प्रवेश करने वाले कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाए जाने की तैयारी है। इससे आम नागरिकों, मरीजों, व्यापारियों और रोजाना मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

सपा नेता ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिनकी आजीविका पूरी तरह रोजाना की कमाई पर निर्भर करती है। यदि यातायात बाधित रहेगा और ई-रिक्शा सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन बंद रहेंगे, तो इसका सीधा असर उनकी आय पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और आम जनजीवन के बीच संतुलन बनाकर काम करना चाहिए ताकि आवश्यक सेवाएं और दैनिक गतिविधियां प्रभावित न हों।

गुफ़रान अहमद ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्कूलों को बंद किए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के बाद हाल ही में विद्यालय खुले हैं और ऐसे समय में बच्चों की पढ़ाई बाधित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान कई बार विद्यालय खुले रहते हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन पर स्कूल बंद करने की आवश्यकता क्यों महसूस हुई। उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने से छात्रों और अभिभावकों दोनों को असुविधा होती है।

सपा नेता ने अपने बयान में मुख्यमंत्री से जिले की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री सुलतानपुर के लिए नई परियोजनाओं और विकास योजनाओं की घोषणा करने आ रहे हैं तो बिजली व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता की अपेक्षाओं की तुलना में राजनीतिक कार्यक्रमों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जनता विकास कार्यों की उम्मीद लेकर मुख्यमंत्री के दौरे को देख रही है।

गुफ़रान अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के मुखिया हैं और उन्हें केवल एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों को भी अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए ताकि लोकतांत्रिक संवाद मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के लिए सभी पक्षों को समान अवसर देगी, तो इससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi