chanda-sultanpur-religious-slogan-assault-case-accused-arrested-jailed

चांदा में मुस्लिम युवकों से मारपीट और धार्मिक नारे लगवाने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

सुलतानपुर। जनपद के चांदा थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवकों के साथ मारपीट कर जबरन धार्मिक नारे लगवाने के चर्चित मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर पहचान किए गए एक आरोपी को चांदा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले भी पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई कर चुकी है।

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर आईपीएस चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में वायरल वीडियो में सामने आए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को हुई घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ युवकों के साथ मारपीट किए जाने तथा उनसे धार्मिक नारे लगवाने की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई प्रारंभ की।

चांदा पुलिस ने 18 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के सोनावा ढाबा/चौराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सक्षम पाण्डेय पुत्र सुनील पाण्डेय (22 वर्ष) निवासी ग्राम सोनावा, थाना चांदा, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में इससे पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

सुलतानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट, धार्मिक आधार पर उत्पीड़न या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi