azad-samaj-party-protest-against-muharram-restrictions-sultanpur

मोहर्रम में प्रशासनिक हस्तक्षेप के विरोध में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

सुलतानपुर। मोहर्रम के आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा जारी किए गए कथित निर्देशों के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शहर के तिकोनिया पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर धार्मिक परंपराओं में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा और निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।

पार्टी नेताओं का आरोप है कि प्रशासन द्वारा मोहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई 10 से 12 फीट तक सीमित करने का निर्देश दिया गया है। जबकि वर्षों से क्षेत्र में 40 से 45 फीट ऊंचे ताजिए बनाए जाते रहे हैं और इससे कभी कोई विवाद या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न नहीं हुई। ऐसे में अचानक लगाए गए प्रतिबंध को लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन नेता अनीस अहमद ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी सांस्कृतिक और सामाजिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई सीमित करने का फैसला स्थानीय परंपराओं और धार्मिक भावनाओं के विपरीत है।

उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि प्रशासन इस निर्णय को तत्काल वापस ले और पूर्व की भांति मोहर्रम के आयोजन की अनुमति प्रदान करे। अनीस अहमद ने कहा कि समाज की धार्मिक परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के जिला अध्यक्ष आदिल खान ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार धार्मिक और त्योहारों से जुड़े मुद्दों को उछालकर लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की धार्मिक परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए और प्रशासन को ऐसे निर्णय लेने से बचना चाहिए, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi