vijay-raghuvanshi-on-fuel-price-and-inflation-bjp-sultanpur

वैश्विक तेल संकट में भी मोदी सरकार ने दी राहत, विपक्ष कर रहा सस्ती राजनीति : विजय रघुवंशी

  • भारत में महंगाई 3.48% पर नियंत्रित, कांग्रेस-सपा शासन में लगातार डबल डिजिट रही महंगाई‌- विजय रघुवंशी
  • अमेरिका,चीन व यूरोप में 20-50% तक बढ़े ईंधन दाम, भारत में केवल 3 प्रतिशत की मामूली वृद्धि
  • भारत वैश्विक संकट के बावजूद दुनिया के मुकाबले अत्यंत बेहतर स्थिति में

सुलतानपुर। भाजपा प्रवक्ता विजय रघुवंशी ने कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे वैश्विक हालातों के कारण पूरी दुनिया तेल संकट और महंगाई की मार झेल रही है। अमेरिका, चीन और यूरोप समेत कई विकसित देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 20 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, लेकिन भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनता पर न्यूनतम बोझ डालते हुए मात्र लगभग 3 रुपये यानी करीब 3 प्रतिशत की सीमित वृद्धि की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इससे पहले पेट्रोल-डीजल पर लगभग 10 रुपये टैक्स कम कर देशवासियों को बड़ी राहत दी थी। आज भी केंद्र सरकार जनता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संतुलित व जिम्मेदार निर्णय ले रही है।विजय रघुवंशी ने कहा कि वर्तमान में भारत की खुदरा महंगाई दर लगभग 3.48 प्रतिशत है, जबकि कांग्रेस और सपा के शासनकाल में महंगाई लगातार डबल डिजिट यानी 10 प्रतिशत से ऊपर बनी रहती थी।
भाजपा सरकार ने मजबूत आर्थिक प्रबंधन और दूरदर्शी नीतियों के दम पर वैश्विक संकट के बीच भी भारत को दुनिया के मुकाबले बेहतर स्थिति में बनाए रखा है।

उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा सिर्फ पेट्रोल- डीजल के मुद्दे पर राजनीतिक भ्रम फैलाने का काम कर रही हैं। कांग्रेस शासित राज्यों में जनता पर बिना किसी संकट के लगातार बोझ बढ़ाया गया। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये तक और कर्नाटक में लगभग 3.50 रुपये तक की बढ़ोतरी कर आम लोगों को झटका दिया।

विजय रघुवंशी ने कहा कि देश की जनता विपक्ष के दोगले चरित्र को भलीभांति समझ चुकी है। एक तरफ विपक्ष केंद्र सरकार को घेरने का प्रयास करता है, दूसरी तरफ अपने राज्यों में जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि 2027 में जनता ऐसे अवसरवादी और भ्रम फैलाने वाले दलों को करारा जवाब देगी।

उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।

Author Profile

News Desk