surya-pratap-chauhan-murder-case-sultanpur-vhp-bajrang-dal-submitted-memorandum

सूर्या चौहान हत्याकांड पर सुलतानपुर में फूटा आक्रोश, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

सुलतानपुर। गाजियाबाद में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या प्रताप चौहान की निर्मम हत्या के विरोध में अब पूरे प्रदेश में विरोध की आवाजें तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को सुलतानपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। संगठन ने हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों और साजिशकर्ताओं के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपते हुए संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में ईद के दिन हुई यह घटना बेहद दुखद और मानवता को शर्मसार करने वाली है। 11वीं के छात्र सूर्या प्रताप चौहान की चाकुओं से गोदकर की गई हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष इंजीनियर महेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी के खिलाफ की गई त्वरित कार्रवाई और एनकाउंटर सराहनीय है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश पुलिस का संगठन की ओर से आभार व्यक्त किया गया। हालांकि संगठन ने यह भी मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए।

पदाधिकारियों ने कहा कि केवल मुख्य आरोपी पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस हत्याकांड की साजिश रचने वाले हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी इस प्रकार के जघन्य अपराध को अंजाम देने का साहस न कर सके।

ज्ञापन के माध्यम से पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की भी मांग की गई। संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रख सकती है।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष बसंत कुमार सिंह, काशी प्रांत के संगठन मंत्री संजय पांडे, कूरेभार ब्लॉक अध्यक्ष रिंकू, मोहित राणा, आकाश कुमार, विपुल शर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi