sultanpur-weather-alert-thunderstorm-rain-lightning-advisory-may-2026

सुलतानपुर में 28 से 30 मई तक मौसम का अलर्ट: तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की चेतावनी, प्रशासन ने जारी की जन-सुरक्षा एडवाइजरी

सुलतानपुर। जिले में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम अचानक करवट ले सकता है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की चेतावनी के आधार पर जनपदवासियों के लिए विशेष जन-सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन के अनुसार 28 मई से 30 मई 2026 के बीच जिले में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं, मेघगर्जन, वज्रपात और भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे भीषण गर्मी और उष्ण लहर से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि 28 से 30 मई के दौरान बिना आवश्यकता यात्रा करने से बचें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर निकलना हो तो मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा करें। प्रशासन ने कहा कि खराब मौसम के दौरान लोग खुले स्थानों में जाने से बचें और विशेष सावधानी बरतें ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

वज्रपात से बचाव के लिए प्रशासन ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को कई जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है:

-खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और मोबाइल टावरों से दूरी बनाए रखें।
-खराब मौसम के दौरान पक्के मकानों के अंदर रहें।
-घर के खिड़की और दरवाजे बंद रखें।
-बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें।
-इन्वर्टर और UPS को अस्थायी रूप से बंद रखें।
-वाहन पेड़ या बड़े होर्डिंग के नीचे पार्क न करें।
-दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
-किसानों के लिए भी जारी हुई विशेष एडवाइजरी

जिले के किसानों के लिए भी प्रशासन ने मौसम को देखते हुए विशेष सलाह जारी की है। कृषि कार्यों में सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा गया है कि:

  • कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें।
  • खेतों में पड़े भूसे को ढककर सुरक्षित रखें।
  • आम, केला और पपीता जैसे बागानों में टूटी शाखाओं को हटाएं।
  • फलों को गिरने से बचाने के लिए पेड़ों को सहारा दें।
  • 30 मई तक सिंचाई, छिड़काव और उर्वरक प्रयोग स्थगित रखें।
  • आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला प्रशासन ने आपदा या किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं:

☎ आपदा कंट्रोल रूम: 1070
🚔 पुलिस हेल्पलाइन: 112
🚑 एम्बुलेंस सेवा: 108
⚡ विद्युत विभाग: 1912

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचना प्रणाली तथा Sachet App पर ही भरोसा करें।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi