sultanpur-power-crisis-electricity-cut-public-anger

सुलतानपुर में गहराया बिजली संकट: भीषण कटौती और लो-वोल्टेज से लोग परेशान, बढ़ रहा जनाक्रोश

  • शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बाधित हो रही बिजली आपूर्ति, गर्मी के बीच पानी संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
  • भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से बढ़ीं मुश्किलें, पानी संकट के बीच लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में इन दिनों बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने लगी है, जिससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसका असर सुलतानपुर जिले के दोनों शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या ने आम लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। जिले के कई शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। गर्मी से राहत पाने की उम्मीद रखने वाले लोगों को अब बिजली संकट की मार झेलनी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति निर्धारित समय के अनुसार नहीं हो पा रही है। कई क्षेत्रों में लोगों को सीमित समय के लिए ही बिजली मिल रही है, जबकि शहर के कई मोहल्लों में भी बिजली की आवाजाही बनी हुई है। अचानक सप्लाई बंद होने और बार-बार ट्रिपिंग की वजह से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है जो बिजली आधारित सुविधाओं पर निर्भर हैं। लगातार कटौती के कारण घरों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। कई क्षेत्रों में लोग पेयजल और घरेलू उपयोग के पानी के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को मजबूर हैं। गर्मी के इस मौसम में बिजली और पानी की दोहरी समस्या लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही है।

ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। रात के समय कई गांव घंटों अंधेरे में डूबे रहते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर इसका सबसे अधिक असर दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि गर्मी और उमस के कारण रात में घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।

बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर लोगों द्वारा विरोध दर्ज कराने की बातें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो विरोध और तेज हो सकता है। यह हाल अमूमन नगर के सभी मोहल्लों का है जहां बिजली कटौती की समस्या से सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट को लेकर शहर के अलग-अलग मोहल्लों के लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और अपनी परेशानियां साझा कीं।

अरुण कुमार
       अरुण कुमार

शहर के दरियापुर निवासी अरुण कुमार ने कहा, “पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। दिन में कई बार बिजली कटौती हो रही है और रात में भी लंबे समय तक बिजली बाधित रहती है। इस भीषण गर्मी में रोस्टिंग के नाम पर लगातार रात के समय बिजली काटी जा रही है, जिससे आम लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। जब विभाग को पहले से पता है कि किसी क्षेत्र का बिजली लोड लगभग 1500 है, तो वहां 1000 क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगाने का क्या औचित्य है। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर की उचित कूलिंग व्यवस्था भी नहीं की गई है, जिसके कारण वह बार-बार गर्म होकर फ्लक्चुएट कर रहा है और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है। बिजली न होने के कारण पंखे और लाइट बंद हो जाते हैं, जिससे बच्चे भीषण गर्मी में रहने को मजबूर हैं। गर्मी और उमस के कारण बच्चों में डायरिया जैसी बीमारियां भी बढ़ रही हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। हालात ऐसे हैं कि घर के अंदर बैठना तक मुश्किल हो गया है। प्रशासन और बिजली विभाग को इस गंभीर समस्या का जल्द स्थायी समाधान निकालना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।”

 

प्रह्लाद गुप्ता
         प्रह्लाद गुप्ता

शहर के ठठेरी बाज़ार निवासी प्रह्लाद गुप्ता ने कहा, “इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है और ऐसे में लगातार बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कई बार रात में अचानक बिजली चली जाती है और घंटों तक वापस नहीं आती। उमस के कारण ठीक से नींद तक नहीं आ पा रही है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो लोगों का गुस्सा बढ़ सकता है।”

 

 

अमृत सेठ
          अमृत सेठ

शहर के घासीगंज निवासी अमृत सेठ ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “बिजली की समस्या का सबसे बड़ा असर पानी की व्यवस्था पर पड़ रहा है। बिजली न होने की वजह से मोटर नहीं चल पाती और घरों में पानी की कमी हो जाती है। कई बार लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है। रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। बिजली विभाग को सिर्फ अस्थायी समाधान नहीं बल्कि स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।”

 

 

सूरज जायसवाल
      सूरज जायसवाल

शहर के ओम नगर निवासी सूरज जायसवाल ने कहा, “केवल बिजली कटौती ही नहीं बल्कि लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है। कई बार बिजली तो आती है लेकिन वोल्टेज इतना कम रहता है कि कूलर, पंखे और अन्य उपकरण ठीक से काम नहीं करते। लोगों को गर्मी में राहत मिलने की बजाय और ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की जरूरत है।”

 

शिवाकांत पांडेय
     शिवाकांत पांडेय

शहर के विवेक नगर निवासी शिवाकांत पांडेय ने कहा, “गर्मी पहले से ही लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है और अब बिजली संकट ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है। रात में कई बार अचानक बिजली चली जाती है जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। आम लोग लगातार परेशान हो रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि बिजली विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालेगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।”

 

जिले के लोगों को अब उम्मीद है कि बिजली विभाग जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेगा ताकि गर्मी के इस दौर में लोगों को राहत मिल सके।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi