सुलतानपुर। जिले में 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली इस भर्ती परीक्षा में कुल 39,456 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थापक, केंद्र पुलिस प्रभारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए नामित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। इसके अलावा कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
कड़ी सुरक्षा में रखे गए प्रश्नपत्र
प्रशासन के अनुसार परीक्षा के प्रश्नपत्र जिले में पहुंच चुके हैं। उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखकर संबंधित कक्षों को सील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी लगातार की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि परीक्षा के दौरान भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को स्वविवेक से कोई निर्णय लेने की अनुमति नहीं होगी। सभी कार्य निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही किए जाएंगे।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित
एसपी चारु निगम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित वस्तु के साथ पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से भर्ती बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
