sultanpur-murder-case-woman-murder-body-found-bushes-love-affair-accused

Sultanpur Murder Case: युवती की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका, प्रेम प्रसंग में देवर पर आरोप

सुलतानपुर। (Sultanpur Murder Case) जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र के बहरी गांव में बुधवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अंबेडकरनगर जिले के महरूआ निवासी सीता (25) के रूप में हुई है। युवती का शव तालाब के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिस पर पुलिस ने मृतका की फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल कराई। देर शाम मृतका के भाई सूरज ने बहन की शिनाख्त की और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
मृतका के भाई सूरज के अनुसार, उनकी बड़ी बहन की शादी जयसिंहपुर के अमोहे गांव निवासी जितेंद्र से हुई है। जितेंद्र के छोटे भाई गोलू के साथ उनकी दूसरी बहन सीता का प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। हालांकि, आरोप है कि गोलू इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। बताया गया कि मंगलवार शाम सीता अमोहे गांव जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंच सकी। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव बहरी गांव में झाड़ियों के बीच मिला।

आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
परिजनों ने गोलू पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस उपाधीक्षक जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। वहीं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत स्थानीय पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Author Profile

News Desk
News Desk