सुल्तानपुर। जिले में निराश्रित कुत्तों और अन्य पशुओं के संरक्षण एवं कल्याण के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। जल्द ही शहर में डॉग फीडिंग सेंटर और एनिमल फीडिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां आवारा और बेसहारा पशुओं के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने नगर पालिका और उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।
यह निर्णय कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सोसायटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (SPCA) की बैठक में लिया गया। बैठक में पशु संरक्षण, पशु तस्करी रोकने, चारागाहों की सुरक्षा और पशुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने जिले के सभी चारागाहों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुओं के लिए सुरक्षित चरागाह उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिले के तालाबों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में रेल और सड़क मार्ग से हो रही दुधारू पशुओं की तस्करी, गोवंश एवं अन्य पशुओं के अवैध परिवहन तथा वध की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इस पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पशुओं के अवैध व्यापार और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया कि खुले में हो रही मांस बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रतिबंध लगाए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे न केवल खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।
बैठक में प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि एसपीसीए का बैंक खाता अब सक्रिय रूप से संचालित हो रहा है और संस्था के पंजीकरण के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी जारी है।
इस पर जिलाधिकारी ने खराब पड़ी एसपीसीए एम्बुलेंस की मरम्मत एसपीसीए फंड से कराने के निर्देश दिए। साथ ही पशु कल्याण कार्यों के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने और संस्था के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन विकसित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में डीएफओ अमित सिंह, प्रभारी सीवीओ डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर शैलेंद्र तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी लालचंद्र सरोज, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रमाशंकर पटेल, पीएसओ कुमार सिंह, जिला पंचायत प्रतिनिधि तथा शासन स्तर से नामित गैर-सरकारी सदस्य प्रशांत द्विवेदी, प्रवीण दूबे, जितेंद्र श्रीवास्तव, आयुष दुबे, अविता अग्रवाल, संगीता शुक्ला सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
