सुलतानपुर। चांदा थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और कथित रूप से धार्मिक नारे लगवाने के मामले को लेकर जिले की राजनीति गर्माने के बीच समाजवादी पार्टी ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। सपा नेताओं ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई, जिससे आम जनता का कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव और जिला महासचिव सलाहुद्दीन अहमद ने पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक चारु निगम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई ही समाज में विश्वास और शांति बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बिना किसी दबाव के मामले को गंभीरता से लिया और कानून के अनुसार कार्रवाई कर यह संदेश दिया कि जनपद में कानून से ऊपर कोई नहीं है।
दरअसल, चांदा थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोगों द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट किए जाने और उनसे कथित रूप से धार्मिक नारे लगवाने का आरोप लगाया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
समाजवादी पार्टी ने प्रारंभिक चरण में इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। पार्टी नेताओं का कहना था कि घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां तेजी से प्रसारित की जा रही थीं, जिससे जिले का शांतिपूर्ण माहौल और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता था।
सपा जिला महासचिव सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि सुलतानपुर की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की रही है। ऐसे में समाज में नफरत फैलाने और लोगों के बीच विभाजन पैदा करने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय, धर्म या वर्ग की भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक अनूप संडा ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ धर्म, जाति या पहचान के आधार पर हिंसा और उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कानून का राज कायम रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना जरूरी है।
सपा नेताओं मोईद खान, विधानसभा अध्यक्ष अजीमुद्दीन समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को सराहनीय बताया। उनका कहना है कि पुलिस अधीक्षक चारु निगम के नेतृत्व में पुलिस ने संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाए, जिससे संभावित तनाव की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली।
पार्टी नेताओं ने जनपदवासियों से शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें। समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
