sultanpur-39-crore-road-project-bahrauli-gopala-baba-temple-foundation-stone-laid

39 करोड़ की लागत से बनेगी 11 किमी सड़क, 15 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ; भूमिपूजन कार्यक्रम में विकास और राजनीति दोनों पर गरजे विधायक

सुलतानपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 11 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। बहरौली स्थित गोपाला बाबा मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया। इस सड़क के निर्माण से लगभग 15 गांवों के लाखों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

विधायक ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने बताया कि मार्गों के उच्चीकरण के लिए संचालित एकमुश्त व्यवस्था योजना के अंतर्गत इस सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कराया जाएगा। यह सड़क अयोध्या-प्रयागराज हाईवे से जुड़े पकड़ी, बहरौली और गौहानी गांवों से होकर लौहर दक्खिन गांव तक पहुंचेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का आवागमन आसान बनेगा।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण के बाद क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

विकास कार्यों के साथ राजनीतिक मुद्दों पर भी बोले विधायक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने हाल ही में हुए विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए भारतीय जनता पार्टी की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों एवं रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।

विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए हैं तथा जरूरतमंद लोगों की चिकित्सा सहायता और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के लगभग प्रत्येक गांव में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।

57 गांवों को पुनः सदर तहसील में शामिल कराने का किया उल्लेख

विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान बल्दीराय तहसील में चले गए 57 गांवों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग से पुनः सदर तहसील में शामिल कराया गया। उन्होंने कटका से मायंग मार्ग के निर्माण को भी अपनी प्रमुख उपलब्धियों में गिनाते हुए कहा कि यह सड़क उनके लिए बड़ी चुनौती थी, जिसे जनसहयोग और सरकार के सहयोग से पूरा किया गया। उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट रहने का आह्वान किया तथा सरकार की विकास नीतियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता कृपा शंकर मिश्रा, प्रधान नागेंद्र सिंह, प्रधान आदर्श पांडेय, प्रधान सोनू सिंह, प्रधान सतीश पांडेय, प्रधान राजेश सिंह, प्रधान रामराज वर्मा, दीपचंद्र जायसवाल, विनोद मिश्रा, राम अभिलाख सिंह, सोहन लाल निषाद, जिला पंचायत सदस्य अज्जू भाई, प्रधान बनकेपुर कलीम भाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता अरुण कुमार, सहायक अभियंता चित्रा वर्मा तथा सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi