स्टेट मेडिकल कॉलेज दुबेपुर में इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन (यूपी चैप्टर) का आयोजन, आयुर्वेद, होम्योपैथी और मॉडर्न मेडिसिन के चिकित्सकों को किया गया आमंत्रित
सुलतानपुर। उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) जैसी तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को नवीनतम चिकित्सा जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 28 जून (रविवार) को स्टेट मेडिकल कॉलेज, दुबेपुर में इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन (उत्तर प्रदेश चैप्टर) की ओर से एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ, नेफ्रोलॉजिस्ट और फिजिशियन आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नए शोध और ब्लड प्रेशर प्रबंधन के उन्नत तरीकों पर विस्तृत व्याख्यान देंगे।
इस सम्मेलन को चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, क्योंकि इसमें विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े विशेषज्ञों और चिकित्सकों को एक मंच पर संवाद एवं ज्ञान साझा करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल चिकित्सकों का प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि समाज में उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का शुभारंभ सुबह 7:00 बजे से होगा। जबकि दोपहर 12:00 बजे औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन शाम 5:00 बजे होगा। पूरे दिन विभिन्न तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सक अपने अनुभव साझा करेंगे तथा ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, किडनी संबंधी जटिलताओं और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन प्रोफेसर आर.के. धीमान तथा एसजीपीजीआई के पद्मश्री सम्मानित निदेशक द्वारा किया जाएगा। वहीं पद्मश्री सम्मानित प्रसिद्ध नेफ्रोलॉजिस्ट प्रोफेसर के.के. त्रिपाठी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन का की-नोट व्याख्यान वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. शिवेंद्र कुमार सिंह देंगे, जिसमें किडनी और उच्च रक्तचाप के बीच संबंध तथा आधुनिक चिकित्सा में हो रहे नए शोधों पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
सम्मेलन में प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आदित्य कपूर सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक अपने व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा डॉ. जुमानी, डॉ. सादिक अंसारी, डॉ. अखिलेश शर्मा, प्रोफेसर अवधेश शर्मा, डॉ. सतीश कुमार तथा डॉ. सोनकर भी विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
इन सभी विशेषज्ञों द्वारा उच्च रक्तचाप की रोकथाम, आधुनिक दवाओं, जीवनशैली में सुधार, हृदय एवं किडनी की सुरक्षा तथा नवीनतम चिकित्सा तकनीकों पर वैज्ञानिक जानकारी साझा की जाएगी।
इस राज्य स्तरीय सम्मेलन की विशेषता यह है कि इसमें केवल एलोपैथिक चिकित्सक ही नहीं, बल्कि आयुर्वेद, होम्योपैथी और मॉडर्न मेडिसिन से जुड़े सभी चिकित्सकों एवं मेडिकल डेलिगेट्स को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों का मानना है कि विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों के बीच संवाद से रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही सम्मेलन में भाग लेने वाले चिकित्सकों को ब्लड प्रेशर के उपचार, जोखिम कारकों की पहचान, नई गाइडलाइंस और आधुनिक चिकित्सा अनुसंधानों की जानकारी भी प्राप्त होगी।
इस सम्मेलन को सफल बनाने में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सुलतानपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। आयोजन समिति का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में इस प्रकार के वैज्ञानिक सम्मेलन समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि चिकित्सकों का ज्ञान लगातार अद्यतन होता रहे और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आशीर्वाद हॉस्पिटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर आईएमए सुलतानपुर के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह, सचिव डॉ. अंकुर सेठ, वरिष्ठ नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष चंद्र, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. जे.पी. सिंह तथा डॉ. राजीव रतन मिश्रा उपस्थित रहे।
Author Profile

Latest entries
SULTANPURJune 25, 2026सुलतानपुर में पुलिस का सघन बैंक चेकिंग अभियान, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा मानकों का किया गया निरीक्षण
BALDIRAIJune 25, 2026सुलतानपुर में चक्रवाती तूफान का कहर: मोतिगरपुर थाने की 120 फीट बाउंड्रीवाल गिरी, 30 हजार से अधिक लोग अंधेरे में, टीन शेड गिरने से पांच बच्चे घायल
ACADEMICJune 25, 2026सुलतानपुर में पहली बार होगा राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन, 28 जून को देशभर के हृदय रोग विशेषज्ञ करेंगे मंथन
KADIPURJune 25, 2026पं. राम चरित्र मिश्र ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान
