payagipur-pond-renovation-beautification-project-sultanpur

पयागीपुर में पुराने तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ, आधुनिक सुविधाओं से होगा विकसित

सुलतानपुर। सुलतानपुर शहर के वार्ड पयागीपुर के लोगों के लिए विकास की एक बड़ी सौगात सामने आई है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार की “नगरीय झील, तालाब एवं पोखर संरक्षण योजना” के अंतर्गत वार्ड स्थित पुराने तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से इस तालाब का कायाकल्प किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध होगा बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित होगा।

इस परियोजना के माध्यम से वर्षों से उपेक्षित पड़े तालाब को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। नगर पालिका का उद्देश्य जल संरक्षण, हरित वातावरण और नागरिक सुविधाओं को एक साथ जोड़ते हुए पयागीपुर क्षेत्र को एक नई पहचान देना है। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, जिससे विकास के साथ प्रकृति संरक्षण का संतुलित दृष्टिकोण भी सामने आया।

नगर पालिका परिषद द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार पुराने तालाब का व्यापक स्तर पर जीर्णोद्धार किया जाएगा। परियोजना के तहत तालाब की मजबूती और सुंदरता के लिए बोल्डर पिचिंग कराई जाएगी, जिससे कटाव की समस्या पर नियंत्रण मिलेगा और तालाब की संरचना सुरक्षित रहेगी। इसके अलावा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तालाब के चारों ओर इंटरलॉकिंग पाथ-वे बनाया जाएगा ताकि लोग सुरक्षित रूप से भ्रमण कर सकें। परिसर में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी। लोगों के बैठने के लिए आकर्षक बैठने की व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय तथा व्यापक स्तर पर पौधरोपण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम का संयोजन वार्ड सभासद गिरीश कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर सभासद अखिलेश मिश्र, अरविंद यादव, नवीन अग्रवाल, राम शब्द मिश्रा, मनोज पाठक, महेंद्र पाठक, सतीश पाठक, हर्षू बरन उपाध्याय, धर्मदेव तिवारी, अमिताभ द्विवेदी, हरी पाठक, अशोक पांडेय, गोकरन पाठक, रवि पाठक, आशुतोष मिश्रा, सुधाकर पाठक, श्रीष मिश्रा, विमलेश पाठक, शिवाकांत द्विवेदी, विश्वनाथ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi