सुलतानपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी बीच सुलतानपुर पहुंचे भाजपा एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या बेटी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना अत्यंत निंदनीय है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
रविवार को इसौली विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बल्दीराय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस कार्रवाई शुरू कर चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और कानून के अनुसार उन्हें जेल भेजा जाएगा।
एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के नेता या उनके परिवार की महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं और बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है और ऐसे मामलों में राजनीति से ऊपर उठकर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पत्रकारों द्वारा बल्दीराय क्षेत्र में रजिस्ट्री कार्यालय किराए के भवन में संचालित होने और अधिवक्ताओं के लिए समुचित व्यवस्था न होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर एमएलसी ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय और अधिवक्ताओं के लिए सुविधायुक्त हॉल की व्यवस्था क्षेत्र की प्रमुख जरूरतों में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा जाएगा, ताकि इसे मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।
एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह रविवार को इसौली विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बल्दीराय सभागार में आयोजित “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विकास खंड परिसर में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जहां लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इसके अलावा एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने अपनी विधायक निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराए गए 10 हॉर्स पावर क्षमता के जनरेटर का उद्घाटन भी किया। यह जनरेटर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी स्वास्थ्य सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने में मदद करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, गरीब कल्याण योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत संरचना और डिजिटल क्रांति की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
साथ ही यह संकल्प भी दोहराया गया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJune 14, 2026सड़क हादसे में समाजसेवी व शहीद वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद नूरी का निधन
Breaking NewsJune 14, 2026बसपा ने मिशन 2027 के तहत पकड़ी बूथ पर किया संगठन विस्तार, पूर्व MLC दिनेश चन्द्रा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
Breaking NewsJune 14, 2026कुड़वार पुलिस की कार्रवाई में गैंगस्टर समेत दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
Breaking NewsJune 14, 2026इसौली में तेज हुई चुनावी हलचल, रामचंद्र मिश्रा ने जनसंवाद से भरी हुंकार, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान
