medhavi-chatra-samman-samaroh-haripur-karaundi-kala

स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित

सुलतानपुर। करौदी कला क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान, हरीपुर में आयोजित मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह ने शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के महत्व को नई दिशा दी। कार्यक्रम में क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार और अनुशासन ही जीवन की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं और यदि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करेंगे तो निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे। विधायक ने कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्य ही व्यक्ति को समाज में सम्मान दिलाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास करने वाला व्यक्ति ही जीवन में आगे बढ़ता है। इस अवसर पर विधायक ने स्वर्गीय जयराज गौतम स्मृति प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया और विद्यालय में शीघ्र ही स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने और गुरुजनों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खंड विकास अधिकारी शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन प्रतिभाओं को आगे लाने का मजबूत मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ाता है, बल्कि अन्य बच्चों को भी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके संस्कारों पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. मदन मोहन मिश्र ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है। इससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक गंभीर बनाते हैं तथा उन्हें सफलता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

संस्थान के प्रबंधक अमरीश मिश्र ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के लगभग दो दर्जन मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट वर्ग में दीपांशु अग्रहरि, श्रेया मिश्रा, आस्था उपाध्याय, दिव्या विश्वकर्मा, शिवांगी गौतम, रूपा कनौजिया और कशिश यादव समेत कई विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं हाईस्कूल वर्ग में अर्पिता, कामिनी यादव, तृषा मिश्रा, अभिनव उपाध्याय, रिया यादव, प्रज्ञा तिवारी और कन्हैया खरवार सहित अन्य विद्यार्थियों को सम्मान मिला।

इस अवसर पर डॉ. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, जगदंबा उपाध्याय, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रमादित्य वर्मा, विजय उपाध्याय, विवेकानंद उपाध्याय, ज्ञान तिवारी, मनोज सिंह, संजय मिश्रा, राहुल तिवारी, विजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजक अमरीश मिश्र ने सभी अतिथियों को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवकुमार, आलोक कुमार, अंतिम मिश्र, धीरज सिंह, सुधाकर, राकेश कुमार, अभिषेक तिवारी, दीपेश सिंह और महेंद्र यादव समेत कई लोगों का विशेष योगदान रहा।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi