सुलतानपुर। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लेखपाल अपने माता-पिता और बहन के साथ थाने के सामने सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने लगा। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
मामला लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के धनेछे गांव निवासी लेखपाल राम जियावन से जुड़ा है। पीड़ित लेखपाल का आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है और लगातार तहरीर बदलवाने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने परिवार के साथ विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
लेखपाल राम जियावन के अनुसार बीते 20 मई को गांव के ही पड़ोसियों द्वारा उनके पिता राम खेलावन के साथ मारपीट की गई तथा उनकी बहन उर्मिला के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाई और भतीजे द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है और माता-पिता व बहन के साथ मारपीट करने का प्रयास भी किया गया।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से वह कई बार पुलिस को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शनिवार को भी जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने कई बार तहरीर में बदलाव करवाया, जिससे वह और उनका परिवार आक्रोशित हो गया।
इसके बाद लेखपाल अपने माता-पिता और बहन के साथ थाने के सामने सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू होते ही लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद लेखपाल और उनके परिजनों को थाने ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिवार शांत हुआ।
वहीं लंभुआ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJuly 26, 2026सुलतानपुर विधानसभा 2027: सपा से एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन हो सकते हैं प्रत्याशी, पार्टी नेतृत्व में लगातार चर्चा
Breaking NewsJuly 22, 2026शिक्षा और लोकतंत्र के समर्थन में सपा का आंदोलन तेज, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; तिकोनिया पार्क में रोजाना धरने का ऐलान
Breaking NewsJuly 19, 2026जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने पर सपा का हमला, अशोक सिंह बिसेन बोले- लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार
Breaking NewsJuly 10, 2026भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदार: एडवोकेट अशोक सिंह बिसेन
