सुलतानपुर। लम्भुआ कस्बे में लगातार बढ़ रही जनसमस्याओं को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन के सामने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को एक विस्तृत 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर बाजार क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते निराकरण नहीं हुआ तो आम जनता और व्यापारिक गतिविधियों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता रहेगा।
व्यापार मंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्य, धूल प्रदूषण, छुट्टा पशुओं का आतंक, अवैध वाहन शुल्क वसूली, अनियमित बिजली आपूर्ति और लगातार लगने वाले जाम जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर पंचायत लम्भुआ द्वारा बाजार क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान निकाली गई मिट्टी को सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया है। इससे पूरे बाजार क्षेत्र में दिनभर धूल का गुबार उड़ रहा है, जिससे दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य की गति भी बेहद धीमी है। ऐसे में हल्की बारिश होने पर भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे बाजार आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि खुदाई की मिट्टी तत्काल हटवाई जाए, निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराकर मानक के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराया जाए।
ज्ञापन में बाजार और मुख्य मार्गों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं की समस्या को भी गंभीर बताया गया। व्यापारियों ने कहा कि आवारा पशु आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। कई लोग इनके कारण चोटिल हो चुके हैं और बाजार क्षेत्र में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को पकड़ने और उन्हें गौशालाओं में भेजने की मांग की, ताकि आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने नगर पंचायत क्षेत्र में वाहन पार्किंग एवं शुल्क वसूली व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा वाहन शुल्क वसूली का ठेका उन स्थानों पर भी दिया गया है जो शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं। ज्ञापन में कहा गया कि शासनादेश के अनुसार केवल उन्हीं स्थानों पर शुल्क वसूला जा सकता है जहां नगर पंचायत की भूमि हो तथा यात्रियों के लिए टिनशेड, बैठने की व्यवस्था और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग की पटरी पर भी वाहन शुल्क वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह नियमों के विपरीत है। व्यापारियों ने मामले की जांच कराकर अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
व्यापार मंडल ने क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति को भी बड़ा मुद्दा बताया। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की मंशा के अनुसार नगर क्षेत्रों में प्रतिदिन 20 से 22 घंटे तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन स्थानीय स्तर पर लगातार बिजली कटौती और तकनीकी बाधाओं के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड को आवश्यक निर्देश जारी कर निर्बाध एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
लम्भुआ कस्बे के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में लगने वाला जाम भी व्यापारियों की चिंता का बड़ा कारण बना हुआ है। उनका कहना है कि रोजाना लगने वाले जाम से व्यापार प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड जवानों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रह सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि लम्भुआ बाजार की ये समस्याएं केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हजारों स्थानीय नागरिक भी इनसे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से ज्ञापन में उल्लिखित सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष विभव बरनवाल, अध्यक्ष सदा सुख अग्रहरि, महामंत्री सुशील बरनवाल, युवा अध्यक्ष नियाज राइन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Author Profile

Latest entries
Breaking NewsJune 17, 2026भारत संकल्प सम्मेलन में राज्यसभा सांसद संगीता यादव का भव्य स्वागत, इसौली में उमड़ा जनसैलाब
BALDIRAIJune 17, 2026कूरेभार में नाबालिग युवती के साथ युवक मिलने पर पुलिस कार्रवाई, जांच में जुटी पुलिस
SULTANPURJune 17, 2026जिला जज, डीएम और एसपी ने किया सुलतानपुर जिला कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
Breaking NewsJune 17, 2026मोतिगरपुर में आम आदमी पार्टी की संगठन समीक्षा बैठक संपन्न, गांव-गांव तक संगठन विस्तार का लिया संकल्प
