jan-kalyan-camp-and-health-fair-inaugurated-at-kurebhar-and-motigarpur-blocks-sultanpur

कूरेभार और मोतिगरपुर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने किया उद्घाटन

सुलतानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद सुलतानपुर के कूरेभार एवं मोतिगरपुर विकासखंडों में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय (राज बाबू) ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कूरेभार ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

मोतिगरपुर ब्लॉक सभागार में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लघु सिंचाई विभाग, पंचायती राज विभाग, महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।

इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना, स्वयं सहायता समूह, स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु अभियान तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

स्वास्थ्य मेले के तहत नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाओं के वितरण की व्यवस्था की गई। आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड और श्रमिक पंजीकरण जैसी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं लाभार्थी चयन प्रक्रिया भी शिविर में संचालित की गई।

अधिकारियों ने बताया कि शिविर में आने वाले नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे संबंधित विभागों के अधिकारियों को देकर उनका त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह सोनू, खंड विकास अधिकारी निशा तिवारी, खंड विकास अधिकारी श्रीकांत तिवारी तथा अन्य अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

आयोजकों के अनुसार यह जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला 14 जून से 16 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विनय प्रजापति, एडीओ पंचायत नितेश सिंह, एडीओ समाज कल्याण ओपी सिंह, विमला कनौजिया, सचिन कुमार, शेष कुमार सिंह, गया प्रसाद, पिंटू सिंह, गुड्डू उपाध्याय, अंकित मिश्र, अनिल दुबे, अनिरुद्ध यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi