international-yoga-day-celebration-at-tikunia-park-sultanpur-art-of-living-gayatri-parivar

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर तिकोनिया पार्क में उमड़ा जनसैलाब, योग-ध्यान के जरिए दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

सुलतानपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तिकोनिया पार्क में आर्ट ऑफ लिविंग एवं गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य योग, ध्यान एवं ज्ञान सत्र का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग, प्राणायाम तथा ध्यान के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जनपद के सुप्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. आर्य वर्मा, भाजपा नेता रामचंद्र मिश्रा, रूपेश सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बबीता जायसवाल तथा डॉ. सीता स्वयं त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक वैज्ञानिक एवं प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि भारत की इस अमूल्य धरोहर को आज पूरा विश्व अपना रहा है और योग वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षित योग शिक्षिका श्रीमती पल्लवी वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग और ध्यान व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं मानसिक रूप से सकारात्मक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

योग शिविर के दौरान स्वास्थ्य, मानसिक शांति, आत्मिक विकास एवं सकारात्मक जीवनशैली में योग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बना सकता है।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार के जिला समन्वयक डॉ. सुधाकर सिंह, गोमती मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. सिंह, जनपद के सुप्रसिद्ध नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष चंद्र, अजय सिंह लीडर, इंद्रजीत वर्मा, संदीप सिंह, रणवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi