girish-chandra-yadav-targets-sp-pda-politics-on-first-sultanpur-visit-as-incharge-minister

सुलतानपुर के प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे गिरीश चंद्र यादव, PDA और कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव को सुलतानपुर जनपद का प्रभारी मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद गुरुवार को उनका पहला आधिकारिक दौरा चर्चा का केंद्र बना रहा। जिले में आगमन के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी तथा विपक्ष के कई मुद्दों पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

अपने पहले दौरे में प्रभारी मंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए जा रहे ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इसे सामाजिक न्याय या सामाजिक गठबंधन के रूप में प्रस्तुत करना वास्तविकता से दूर है।

“PDA नहीं, परिवार डेवलपमेंट एसोसिएशन है”

मीडिया से बातचीत के दौरान गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का PDA वास्तव में “परिवार डेवलपमेंट एसोसिएशन, सैफई खानदान” है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब केंद्र और प्रदेश में समाजवादी विचारधारा से जुड़ी सरकारें सत्ता में थीं, तब पिछड़े वर्गों के लिए संवैधानिक और संस्थागत स्तर पर वे कार्य क्यों नहीं किए गए, जिनकी आज बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही पिछड़े वर्गों को सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए और उन्हें संवैधानिक पहचान तथा अधिकार दिलाने का कार्य किया गया।

दलित समाज के सम्मान को लेकर भाजपा की भूमिका गिनाई

प्रभारी मंत्री ने भाजपा की दलित समाज के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में दलित समाज को सम्मान देने के लिए भाजपा ने हमेशा सकारात्मक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सहयोग से ही दलित समाज की बेटी मायावती पहली बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी शासनकाल के चर्चित स्टेट गेस्ट हाउस कांड का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना ने दलित समाज की भावनाओं को आहत किया था। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े स्थलों को विकसित कर ‘पंचतीर्थ’ के रूप में पहचान दिलाई है।

मंत्री ने कहा कि भाजपा ने सामाजिक समरसता और समावेशी विकास की सोच को आगे बढ़ाते हुए रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बनाया और बाद में आदिवासी समाज की प्रतिनिधि द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचाकर सामाजिक सम्मान का नया उदाहरण प्रस्तुत किया।

कानून-व्यवस्था पर बोले- अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश के गृह विभाग और कानून-व्यवस्था को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि योगी सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को उसकी राजनीतिक हैसियत, प्रभाव या पद के आधार पर कोई राहत नहीं दी जाएगी। कानून सबके लिए समान है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।

“अखिलेश यादव निराश और हताश हैं”

समाजवादी पार्टी द्वारा समय से पहले चुनाव की संभावनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को तैयार रहने के निर्देश पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार जनता का समर्थन खो रहा है। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव पूरी तरह घबराए हुए हैं। वे निराश और हताश दिखाई दे रहे हैं, इसलिए इस प्रकार के बयान दे रहे हैं। जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।”

आम आदमी पार्टी पर भी कसा तंज

प्रयागराज में बिजली आपूर्ति और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता पहले ही आम आदमी पार्टी को जवाब दे चुकी है और आने वाले समय में पंजाब की जनता भी अपना निर्णय सुना देगी। उन्होंने विपक्षी दलों से जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने की सलाह दी।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

सुलतानपुर पहुंचने पर प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आर.ए. वर्मा, जगदीश सिंह ‘छनगू’, विजय सिंह रघुवंशी, आलोक आर्या, पूजा कसौधन, रेखा निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi