former-mla-tejbhan-singh-passes-away-tributes-pour-in

पूर्व विधायक तेजभान सिंह के निधन पर उमड़ा श्रद्धांजलियों का सैलाब, राजनीतिक और सामाजिक जगत ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

सुलतानपुर। गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता दादा तेजभान सिंह (83) का शनिवार को लखनऊ के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही अमेठी समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले दादा तेजभान सिंह प्रभावशाली नेता होने के साथ-साथ सभी वर्गों में सम्मानित थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। समर्थकों और शुभचिंतकों ने इसे अमेठी की राजनीति तथा सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। क्षेत्र ने एक ऐसे जननेता को खो दिया, जिन्होंने दशकों तक जनता की सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।

पूर्व विधायक दादा तेजभान सिंह केवल भारतीय जनता पार्टी के ही नहीं, बल्कि सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच सम्मानित और लोकप्रिय व्यक्तित्व थे। उनके निधन पर भाजपा के साथ-साथ समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके निधन को जनपद और प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने दादा तेजभान सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया “गौरीगंज विधानसभा के पूर्व विधायक और अमेठी के वरिष्ठ भाजपा नेता दादा तेजभान सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनके सभी शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं सभी शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूं।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा “अमेठी की राजनीति के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत… शत-शत नमन! गौरीगंज विधानसभा से भाजपा के कद्दावर स्तंभ और हम सबके प्रिय आदरणीय तेजभान सिंह “दादा” जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके गोलोकवास की खबर से संपूर्ण क्षेत्र शोक संतप्त है। 1977 में जनता पार्टी से अपने सफर की शुरुआत करने वाले दादा ने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र सेवा के नाम लिख दिया। गौरीगंज की धरती पर उन्होंने जमीनी स्तर पर जाकर सामाजिक समरसता और विकास के काम किए। जब क्षेत्र में कोई बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं, तब दादा ने पैदल और साइकिल से गांवों का दौरा कर लोगों के सुख-दुख बांटे। राजनीति में रहते हुए भी वे हमेशा सत्ता की चकाचौंध से दूर रहे। उनकी ईमानदारी और शुचिता का लोहा विरोधी भी मानते थे। अंतिम सांस तक संगठन और समाज के विचारों के लिए समर्पित रहने वाले इस महान व्यक्तित्व को विनम्र श्रद्धांजलि। सुलतानपुर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल का शोक सन्देश पूर्व विधायक आदरणीय दादा तेजभान सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उनकी सादगी, कर्मनिष्ठा और जनसेवा का भाव सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।”

“अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने कहा “अमेठी में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाने वाले पूर्व विधायक श्रद्धेय दादा तेजभान सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। 1977 में जनसंघ से अपनी राजनीतिक यात्रा प्रारंभ करने वाले दादा तेजभान जी ने 1980 में भाजपा की स्थापना के समय से लेकर जीवन के अंतिम क्षणों तक संगठन का ध्वज ऊँचा रखा। जीवनपर्यंत उन्होंने निडर होकर संगठन को मजबूत किया, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और एक अभिभावक के रूप में हमेशा अपना मार्गदर्शन और आशीर्वाद देते रहे। वर्ष 2014 में जब पहली बार अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ने का अवसर मिला, तब दादा तेजभान जी हर कदम पर एक अभिभावक की तरह साथ खड़े रहे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संगठन के प्रति अटूट विश्वास उस चुनावी संघर्ष से लेकर अब तक मेरे लिए निरंतर संबल स्वरूप रहा। अमेठी की धरती पर उनके जैसा समर्पित कार्यकर्ता और आत्मीय मार्गदर्शक मिलना मेरा सौभाग्य रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा “गौरीगंज के पूर्व विधायक, जनप्रिय नेता एवं हम सभी के प्रेरणास्रोत आदरणीय दादा तेजभान सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। दादा जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, सादगी, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण रहा। उनका स्नेहिल व्यक्तित्व, सरल स्वभाव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं जनकल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सदैव हम सभी को प्रेरित करती रहेगी। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं समस्त शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

सुलतानपुर विधायक विनोद सिंह ने अपने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा “पूर्व विधायक गौरीगंज, आदरणीय श्री तेजभान सिंह ‘दादा’ जी के आकस्मिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उनका निधन जनसेवा और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। आदरणीय दादा जी ने अपने सरल स्वभाव, जनहित के प्रति समर्पण और जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर एक अलग पहचान बनाई। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। प्रभु श्री राम जी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवारजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

सुलतानपुर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा “पूर्व विधायक आदरणीय दादा तेजभान सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उनकी सादगी, कर्मनिष्ठा और जनसेवा का भाव सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

अमेठी के भाजपा नेता राजेश अग्रहरि ने अपने शोक सन्देश में कहा “गौरीगंज विधानसभा के चार बार विधायक रहे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्रद्धेय दादा तेजभान सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त होने के उपरांत उनके अचलपुर स्थित आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं विनम्र श्रद्धांजलि दी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

अमेठी भाजपा के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने अपने शोक सन्देश में कहा “पूर्व विधायक गौरीगंज, आदरणीय श्री #तेजभान_सिंह_दादा’ जी के आकस्मिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार हृदय को गहन पीड़ा से भर देने वाला है। दादा जी का सम्पूर्ण सार्वजनिक जीवन जनसंकल्प, जनसेवा, सादगी, ईमानदारी और जनहित के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण रहा। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल से लेकर जीवन के अंतिम क्षणों तक समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी बनकर जनविश्वास अर्जित किया। उनका सहज, सरल एवं आत्मीय व्यक्तित्व सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों एवं समस्त क्षेत्रवासियों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।”

विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने भी दादा तेजभान सिंह के निधन पर अपने सोशल मीडिया पर लिखा “अमेठी- गौरीगंज के लम्बें समय तक विधायक रहे,भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार,अत्यंत लोकप्रिय एवं जनप्रिय आदरणीय श्री तेजभान सिंह जी “दादा” का निधन अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला है। भगवान उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।”

पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह ‘सोनू’ ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा “अमेठी जनपद के गौरीगंज विधानसभा के लोकप्रिय, ईमानदार, कर्मयोगी एवं जनप्रिय पूर्व विधायक आदरणीय श्री तेजभान सिंह दादा जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने अपने संपूर्ण सार्वजनिक जीवन में जनकल्याण, समाजसेवा तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी सादगी, निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार, समर्थकों और समस्त शुभचिंतकों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।”

मशहूर गीतकार मनोज मुन्तशिर ने दादा तेजभान सिंह से अपने बचपन की मुलाकात का ज़िक्र करते हुए लिखा “बहुत छोटा था मैं, शायद 10 वर्ष का, जब दादा तेजभान सिंह ने पहली बार मुझे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से परिचित करवाया था। वो हमेशा कहा करते थे, “राजनीति और राष्ट्रप्रेम अलग नहीं है मनोज, एक ही साधना हैं।” सत्ता को शून्य और सेवा को सर्वोपरि मानने वाले हमारे दादा अब इस दुनिया में नहीं रहे। आपके साथ गौरीगंज की गलियों में पैदल घूमना बहुत याद आएगा। प्रभु श्रीराम आपको अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

समाजवादी पार्टी के के प्रदेश सचिव व सुलतानपुर बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य अशोक सिंह बिसेन ने भी दादा तेजभान सिंह को श्रद्धांजलि देते हए लिखा “सुल्तानपुर जनपद में कभी शुमार अमेठी /सुल्तानपुर के लोगों की आवाज विश्वास उम्मीद जननायक चार बार के विधायक स्मृति शेष बाबू तेजभान सिंह निधन अपूर्णीय क्षति भगवान भोलेनाथ शिव शक्ति मृतक आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें आपकी जनसेवा सदैव स्मृतियों में यादें बन कर रहेंगी। ॐ शांति ॐ शांति शत शत नमन करता हूं।”

दादा तेजभान सिंह जी का अंतिम संस्कार रविवार, 5 जुलाई को प्रातः 9 बजे उनके पैतृक आवास अचलपुर (जामों) में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi