congress-sadbuddhi-padyatra-sultanpur-ram-mandir-chadhava-theft-investigation-demand

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सुलतानपुर में कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’, ट्रस्ट भंग करने की उठी मांग

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को सुलतानपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रीराम मंदिर, अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित ट्रस्ट को तत्काल भंग करने की मांग को लेकर “सद्बुद्धि पदयात्रा” निकाली। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मामले की पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े किसी भी मामले में निष्पक्षता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सूचना का अधिकार विभाग, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पूरे प्रदेश में “सद्बुद्धि पदयात्रा” आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में सुलतानपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर श्रीराम मंदिर अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी धार्मिक भावना को आहत करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा करना और सार्वजनिक संस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। पार्टी ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा जवाबदेही तय की जाए।

पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो संबंधित ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए और उसकी कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा कर नई व्यवस्था लागू की जाए। नेताओं का कहना था कि धार्मिक संस्थाओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदयात्रा में अभिषेक सिंह राणा, रंजीत सिंह सलूजा, मनोज कुमार शुक्ला, राहुल त्रिपाठी, मोहित तिवारी, ओपी चौधरी, शकील अंसारी, ओ.पी. सिंह, अपरवल सिंह, मानस तिवारी, राहुल मिश्रा, देबेन्द्र तिवारी, निखलेश सरोज, विजय पाल, अमोल वाजपई, हौसिला भीम, ओम प्रकाश चौटाला, नंदलाल, अतीक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi