candle-march-in-sultanpur-against-alleged-fake-encounter-of-bharat-bhushan-tiwari

बिहार के भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर के विरोध में सुलतानपुर में निकला कैंडिल मार्च, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

सुलतानपुर। बिहार में भरत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के विरोध में रविवार को सुलतानपुर में सैकड़ों युवाओं ने कैंडिल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। नगर पालिका परिषद के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी वरुण मिश्रा एवं जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष मानस तिवारी के नेतृत्व में गोलाघाट चौराहे से तिकोनिया पार्क तक कैंडिल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग की और बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भरत भूषण तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद उनका एनकाउंटर किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। युवाओं ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ आरोप हैं तो उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए, न कि कानून को हाथ में लेकर उसकी जान ली जाए।

परशुराम युवा वाहिनी एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में कानून सर्वोपरि है और किसी भी नागरिक को न्यायिक प्रक्रिया से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। कैंडिल मार्च के दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा ने बताया कि भरत भूषण तिवारी की मौत से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एनकाउंटर में किसी प्रकार की अनियमितता या मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ है तो दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा न्याय, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रही है।

वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सूचना का अधिकार विभाग के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि कानून के शासन वाले देश में किसी भी व्यक्ति को बिना निष्पक्ष सुनवाई के जीवन से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए।

प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव राहुल त्रिपाठी, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मोहित तिवारी, जिला उपाध्यक्ष मानस तिवारी, रणजीत सिंह सलूजा, हामिद राइन, अर्पित तिवारी, ओसामा इसराज, सुब्रत सिंह सनी, आर्यन तिवारी, मोहसिन सलीम, आयुष तिवारी, आदर्श मिश्र, सुमित शुक्ल, मनोज कुमार शुक्ला, अरविंद राय, आशुतोष मिश्र, सुयश मिश्र, सूफियान खान, मोनू पाण्डेय, अयान खान, इंतिखाब आलम सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi