bjp-booth-president-conference-sultanpur-mera-booth-sabse-mazboot-campaign

सुलतानपुर में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संपन्न, संगठन मजबूती और सरकार की उपलब्धियों पर कार्यकर्ताओं में भरा गया जोश

सुलतानपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान के तहत बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों के मंडल प्रभारी, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, पन्ना प्रमुख एवं बूथ अध्यक्षों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, आगामी रणनीतियों पर चर्चा करना और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक विनोद सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी ने कहा कि “मजबूत बूथ, मजबूत संगठन और मजबूत राष्ट्र” भाजपा की मूल कार्यशैली का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं और भाजपा लगातार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर अधिक सक्रिय रहने और जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विधायक विनोद सिंह ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत बूथ संरचना है और इसकी रीढ़ बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों को घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते लगभग 12 वर्षों की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचानी होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र के अधिकांश संकल्पों को पूरा किया है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू करने, तीन तलाक पर रोक लगाने और अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण को उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।

विधायक ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

सम्मेलन के दौरान बूथ अध्यक्षों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं एवं जनहित के विभिन्न मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल पर चर्चा की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी की कार्यशैली हमेशा जनसेवा, संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रहित पर आधारित रही है। सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ और आगामी राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों के लिए संगठनात्मक रणनीति को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक संदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी, अयोध्या वर्मा, जिला मंत्री प्रदीप शुक्ला, दिनेश चौरसिया, शिवशंकर सरोज, सह कोषाध्यक्ष रचना अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi