bada-mangal-bhajan-sandhya-bhandara-ramleela-maidan-sultanpur

ज्येष्ठ माह के तृतीय बड़े मंगलवार पर रामलीला मैदान में भव्य भजन संध्या और विशाल भंडारा, संत महंत राजकुमार दास ने किया शुभारंभ

सुलतानपुर। ज्येष्ठ माह के तृतीय बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर शहर के रामलीला मैदान में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य भजन संध्या एवं विशाल भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अंश द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अयोध्या धाम के प्रसिद्ध संत एवं श्रीरामवल्लभा कुंज (जानकी घाट, अयोध्या) के पूज्य महंत राजकुमार दास जी महाराज ने भगवान बजरंगबली के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्ति और धार्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

महंत राजकुमार दास जी महाराज सनातन धर्म के प्रखर वक्ता और अयोध्या के प्रतिष्ठित संतों में गिने जाते हैं। वे रामकथा वाचन और अपने मनमोहक भजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए जाने जाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके आशीर्वचन और धार्मिक संदेशों को श्रद्धापूर्वक सुना।

इस अवसर पर धार्मिक आयोजन के साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों और भगवान श्रीराम तथा बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. डी.एस. मिश्रा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजनकर्ता अंश द्विवेदी और द्विवेदी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

इस कार्यक्रम में भाजपा सुलतानपुर जिला अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह, पूर्व चेयरमैन कॉपरेटिव बैंक विजय मिश्रा, भाजपा नेता डॉ. डी.एस. मिश्रा, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अवधेश द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi