anupriya-patel-sultanpur-ram-mandir-theft-caste-census-sp-congress-alliance-statement

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की राम मंदिर चोरी पर सख्त कार्रवाई की मांग, बेटियों पर अभद्र टिप्पणी को बताया अस्वीकार्य

सुलतानपुर। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री तथा अनुप्रिया पटेल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े पवित्र स्थल पर चोरी जैसी घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं के परिजनों, विशेषकर बेटियों, के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जाने वाली अभद्र टिप्पणियों की भी कड़ी निंदा की।

सोमवार को सुलतानपुर शहर स्थित पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यकर्ता समागम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह केवल चोरी की घटना नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं और आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू कर दी है, जो सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी भी परिवार की बेटी या बच्चों को राजनीतिक विवादों में घसीटना पूरी तरह गलत है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच संघर्ष वैचारिक होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत। किसी भी परिवार की बेटी के खिलाफ अमर्यादित या अशोभनीय टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। समाज की हर बेटी सम्मान की अधिकारी है और उसे राजनीतिक खींचतान का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

जातीय जनगणना के मुद्दे पर बोलते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि वर्ष 1931 के बाद पहली बार विभिन्न जातीय समुदायों की वास्तविक और अधिकृत जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के आधार पर सरकार सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए अधिक प्रभावी योजनाएं और नीतियां तैयार कर सकेगी।

उन्होंने कहा कि जब सरकार के पास सटीक आंकड़े होंगे, तब संसाधनों का बेहतर वितरण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अधिक वैज्ञानिक तरीके से निर्णय लिए जा सकेंगे।

सपा और कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कोई नया राजनीतिक प्रयोग नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता पहले भी इस गठबंधन का परिणाम देख चुकी है और आगामी विधानसभा चुनावों में भी यह गठबंधन सफल नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में है तथा आगामी चुनावों में विपक्षी गठबंधन को करारा जवाब मिलेगा।

कार्यकर्ता समागम के दौरान अनुप्रिया पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को पहुंचाना चाहिए। उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi