anoop-sanda-ram-temple-offering-row-bjp-yogi-sultanpur

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अनूप संडा का भाजपा पर हमला, बोले- ‘राम भक्तों ने सजाई अयोध्या, राजनीतिक लाभ लिया भाजपा ने’

सुलतानपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सुलतानपुर के पूर्व विधायक अनूप संडा ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा अनियमितता के मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट और एक वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, भाजपा की राजनीति और सांप्रदायिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए हैं।

अनूप संडा का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब अयोध्या और राम मंदिर से जुड़े मुद्दे लगातार राजनीतिक बहस का केंद्र बने हुए हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उनकी बातों का जवाब तथ्यों से देने के बजाय विरोधी विचारधारा के लोग अभद्र भाषा और व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रहे हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में अनूप संडा ने लिखा कि उनकी बातों से “भगवान राम के नाम पर राजनीतिक व्यापार करने वाली विचारधारा” और “वर्चस्ववादी मानसिकता” के लोग असहज हैं। उनका कहना है कि जब किसी विचार का जवाब तर्क से नहीं दिया जा सकता तो कुतर्क, अपशब्द और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने लिखा कि सत्ता के माध्यम से प्रभुत्व बनाए रखने वाली मानसिकता लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और यही कारण है कि पीडीए (PDA) की राजनीति को कमजोर करने की कोशिश की जाती है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “वर्चस्ववादी मानसिकता” से उनका आशय किसी जाति विशेष से नहीं बल्कि एक राजनीतिक सोच से है।

सपा नेता अनूप संडा ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चलती है तो इस मामले में भी कठोर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री का बुलडोजर “शायद मरम्मत के लिए चला गया है।” साथ ही आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय सांप्रदायिक मुद्दों को उठाकर मूल सवालों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

अनूप संडा ने कहा कि अयोध्या को सजाने और संवारने का सबसे बड़ा श्रेय करोड़ों राम भक्तों की आस्था और श्रद्धा को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस धार्मिक आस्था का राजनीतिक लाभ उठाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करोड़ों श्रद्धालुओं द्वारा भगवान राम को अर्पित चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले पर सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए था। सपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस विषय पर सफाई देने के बजाय विपक्ष और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाने से बचना चाहिए।

अनूप संडा ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीति पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे प्रदेश और देश की राजनीति को सांप्रदायिक आधार पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की पुरानी राजनीतिक लाइन दोहराते हुए कहा कि “देश की जनता राम की पुजारी है, जबकि भाजपा राम के नाम की व्यापारी है।” उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता स्वयं तय करेगी कि किस तरह की राजनीति को समर्थन देना है।

अपने संदेश के अंत में अनूप संडा ने कहा कि देश में वास्तविक “रामराज्य” तभी स्थापित होगा, जब राजनीति मर्यादा, उदारता, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर होगी। उन्होंने कहा कि सत्ता का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि विभाजित करना। अनूप संडा के इस सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश के बाद जनपद सुलतानपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi