ankuran-foundation-sultanpur-special-screening-hai-jawani-toh-ishq-hona-hai-writer-sachin-singh

सुलतानपुर में फिल्म प्रेमियों के लिए खास मौका, लेखक सचिन सिंह के साथ देखिए कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’

सुलतानपुर। जनपद के फिल्म प्रेमियों और सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले लोगों के लिए रविवार को एक विशेष अवसर मिलने जा रहा है। सामाजिक संस्था अंकुरण फाउंडेशन, सुल्तानपुर की ओर से शहरवासियों को लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के विशेष प्रदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन की खास बात यह है कि फिल्म के राइटर एवं अंकुरण परिवार के संस्थापक सदस्य सचिन सिंह स्वयं उपस्थित रहेंगे और दर्शकों के साथ फिल्म का आनंद साझा करेंगे।

अंकुरण फाउंडेशन द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार यह विशेष शो रविवार, 14 जून 2026 को शाम 6 बजे नगर स्थित दरियापुर के निकट शुभम थिएटर में आयोजित होगा। संस्था ने जिले के सभी फिल्म प्रेमियों, युवाओं और परिवारों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

फिल्म के लेखक सचिन सिंह ने अपने संदेश में कहा है कि ‘है जवानी तो इश्क होना है’ उनके शुरुआती रचनात्मक प्रयासों में से एक फिल्म है। उन्होंने जनपद के मित्रों और शुभचिंतकों से अपील करते हुए कहा कि उनका आगमन और प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक फिल्म प्रदर्शन नहीं बल्कि अपने शहर और अपने लोगों के साथ जुड़ने का एक भावनात्मक अवसर भी है। दर्शकों की उपस्थिति उनके लिए उत्साहवर्धन का माध्यम बनेगी और नई रचनात्मक यात्राओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।

आयोजकों के अनुसार फिल्म को यू/ए (U/A) सर्टिफिकेट प्राप्त है। अर्थात 12 वर्ष से कम आयु के बच्चे भी अभिभावकों के साथ इस फिल्म को देख सकते हैं। फिल्म हल्के-फुल्के हास्य और मनोरंजन से भरपूर है, जिससे पूरा परिवार एक साथ इसका आनंद उठा सकता है।

अंकुरण फाउंडेशन ने आयोजन में शामिल होने के इच्छुक लोगों से अनुरोध किया है कि वे पहले से अपनी उपस्थिति की जानकारी दें, ताकि बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा सके। संस्था का कहना है कि दर्शकों की संख्या के अनुरूप बेहतर प्रबंधन के लिए पूर्व सूचना आवश्यक है।

सुलतानपुर के नागरिकों के लिए यह अवसर न केवल एक मनोरंजक फिल्म देखने का है, बल्कि अपने शहर से जुड़े एक प्रतिभाशाली लेखक के साथ संवाद स्थापित करने और उनकी रचनात्मक यात्रा का हिस्सा बनने का भी है।

फिल्म का निर्देशन बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक डेविड धवन ने किया है। डेविड धवन लंबे समय से कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन वाली फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

फिल्म में कई लोकप्रिय कलाकार नजर आए हैं। प्रमुख कलाकारों में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े, मनीष पॉल,, जिमी शेरगिल, चंकी पांडे, मौनी रॉय, राकेश बेदी और कुब्रा सैत जैसे बड़े ऐक्टर्स शामिल हैं।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi