akhil-bharatiya-udyog-vyapar-mandal-submits-9-point-memorandum-to-dm-sultanpur

व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मुखर हुआ उद्योग व्यापार मंडल, डीएम को सौंपा 9 सूत्रीय मांगपत्र

सुलतानपुर। व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की। संगठन के प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से मुलाकात कर व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 9 सूत्रीय ज्ञापन एवं मांगपत्र सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने फूड सैंपलिंग में पारदर्शिता, अवैध वसूली पर रोक, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।

प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि फूड सैंपलिंग की प्रक्रिया में कई बार अनियमितताएं देखने को मिलती हैं, जिससे छोटे और मध्यम व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न होता है। संगठन ने मांग की कि खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में की जाए, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

अवैध वसूली और तहबाजारी पर रोक की मांग

ज्ञापन में नगर पालिका द्वारा ई-रिक्शा पार्किंग स्थल और टैक्सी स्टैंड पर ही अधिकृत शुल्क वसूली सुनिश्चित करने तथा अन्य स्थानों पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। व्यापारियों ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कुछ स्थानों पर दबंगों द्वारा अवैध तहबाजारी वसूली की शिकायतें मिल रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।

व्यापार मंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनादेश के अनुसार प्रदेश में तहबाजारी व्यवस्था समाप्त की जा चुकी है, ऐसे में किसी भी गोदाम या प्रतिष्ठान के सामने नगर निकाय द्वारा शुल्क वसूली नहीं की जानी चाहिए।

व्यापारियों की सुरक्षा और संवाद व्यवस्था पर जोर

संगठन ने प्रत्येक थाने में महीने में कम से कम एक या दो बार व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की मांग रखी, जिससे व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। साथ ही पात्र व्यापारियों को उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत शस्त्र लाइसेंस प्रदान करने की मांग भी की गई।

जल निकासी की बदहाल व्यवस्था से व्यापारियों में नाराजगी

ज्ञापन में शहर के विभिन्न वार्डों में नालियों और नालों की दयनीय स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों का कहना है कि अधिकांश नालों में तीन से चार फीट तक मलबा जमा है और केवल ऊपरी सतह की सफाई कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। बरसात के दौरान यही स्थिति व्यापारियों के गोदामों और दुकानों में जलभराव का कारण बनती है, जिससे लाखों रुपये के माल का नुकसान होता है।

घंटाघर क्षेत्र में जाम से प्रभावित हो रहा कारोबार

व्यापार मंडल ने घंटाघर चौराहे के चारों मार्गों पर डिवाइडर और सड़क किनारे लगने वाले ठेलों के कारण उत्पन्न जाम की समस्या को भी उठाया। संगठन का सुझाव है कि रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाए, जिससे यातायात सुचारु हो और स्थायी दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित न हो।

भामाशाह जयंती पर सभी वर्गों के व्यापारियों को मिले सम्मान

ज्ञापन में आगामी 29 जून को भामाशाह जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कराने की मांग की गई। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि सम्मान केवल अधिक कर देने वाले व्यापारियों तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसे व्यापारियों को भी सम्मानित किया जाए जिन्होंने समाज और अपने क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान देकर एक मिसाल कायम की हो।

जिलाधिकारी को भेंट की मासिक व्यापार पत्रिका

अंत में प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह को मांगपत्र सौंपने के साथ संगठन की मासिक व्यापार पत्रिका भी भेंट की और व्यापारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।

बैठक में युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश जायसवाल, जिला महामंत्री तेजिंदर सिंह, जिला मंत्री सुनील सिंह, जिला युवा अध्यक्ष श्याम सुंदर कसौधन, महेंद्र पाल सिंह, नगर अध्यक्ष मनीष कसौधन, नगर महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, युवा नगर अध्यक्ष भोलानाथ सोनी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम अग्रहरि, जिला महामंत्री गीता शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुनीता टंडन, अमरेश कुमारी यादव, आरती शर्मा, विकासवती श्रीवास्तव, सपना कसौधन, नीतू कसौधन, पुष्पा गौड़ सहित विभिन्न बाजारों के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Author Profile

Suyash Chitranshi
Suyash Chitranshi